राजीव शुक्ला ने विश्व कप शेड्यूल को लेकर बड़ा बयान दिया है
- फोटो : सोशल मीडिया
हैदराबाद क्रिकेट संघ (एचसीए) ने भारत में पांच अक्तूबर से शुरू हो रहे वनडे विश्व कप के दौरान दो दिनों में दो मैचों की मेजबानी को मुश्किल करार दिया था और कहा था कि संगठनात्मक और सुरक्षा कारणों से यह आदर्श स्थिति नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई थी कि एक दिन की राहत दी जाएगी। उनके बयान के बाद यह लगने लगा था कि वनडे विश्व कप के शेड्यूल में एक बार फिर से बदलाव देखने को मिलेगा। हालांकि, बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने स्पष्ट कर दिया है कि कार्यक्रम में बदलाव संभव नहीं है। उन्होंने कहा है कि समस्याओं का हल निकाला जाएगा।
राजीव शुक्ला का बयान
बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने एक आधिकारिक बयान में कहा है कि आगे कोई बदलाव की संभावना नहीं है क्योंकि इसमें कई हितधारकों की भागीदारी की आवश्यकता है। उन्होंने कहा- मैं विश्व कप के लिए हैदराबाद स्थल का प्रभारी हूं। अगर कोई मुद्दा या कुछ मामला होगा, तो उसे हल करने का प्रयास करूंगा। विश्व कप कार्यक्रम को बदलना आसान नहीं है और ऐसा होने की संभावना नहीं है। केवल बीसीसीआई ही कार्यक्रम नहीं बदल सकता है। टीमें, आईसीसी, सभी इसमें शामिल हैं।
विश्व कप शेड्यूल में एक बार हो चुका है बदलाव
वनडे विश्व कप में इन मैचों का शेड्यूल बदला
- फोटो : अमर उजाला
काफी विलंब के बाद इस साल जून में विश्व कप के कार्यक्रम की घोषणा की गई थी। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) और आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) ने इस महीने की शुरुआत में नौ मैचों के कार्यक्रम में बदलाव किया, जिसमें भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला बड़ा मुकाबला भी शामिल था। भारत और पाकिस्तान के मैच के आयोजन को एक दिन पहले 14 अक्तूबर को कर दिया गया। इसके अलावा हैदराबाद में श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान का मैच 12 अक्तूबर की जगह 10 अक्तूबर कर दिया गया। एचसीए इससे पहले नौ अक्तूबर को न्यूजीलैंड बनाम नीदरलैंड मैच की भी मेजबानी कर रहा है। हैदराबाद पुलिस ने लगातार दो मैचों के लिए सुरक्षा प्रदान करने पर आपत्ति व्यक्त की थी।
एचसीए के अधिकारी ने क्या कहा था?
एचसीए के एक अधिकारी ने गोपनीयता की शर्त पर कहा था- मैं यह नहीं कह सकता कि इसे निश्चित रूप से बदला जाएगा, लेकिन दो दिनों में दो मैचों की मेजबानी आदर्श स्थिति नहीं हैं। मेरा मतलब है कि अगर वे (बीसीसीआई) पुनर्विचार करेंगे तो यह अच्छा होगा। हमें सुरक्षा एजेंसियों के साथ काम करना होगा। कोई भी विश्व कप के दो मैचों के बीच एक दिन का समय चाहेगा। हम अब भी सुरक्षा एजेंसियों के साथ बातचीत कर रहे हैं कि यह संभव है या नहीं। इसके साथ ही हम बीसीसीआई को भी इसकी जानकारी दे रहे हैं। बीसीसीआई को पूरी तरह से पता है कि हम क्या करने की कोशिश कर रहे हैं।
पाकिस्तान टीम को लेकर अतिरिक्त सुरक्षा
पाकिस्तान की टीम
- फोटो : सोशल मीडिया
हैदराबाद पुलिस किसी अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए दो से ढाई हजार पुलिस कर्मियों को नियुक्त करती है। इस अधिकारी ने कहा- पुलिस की तैनाती मैच को लेकर जोखिम का आकलन और दर्शकों की संख्या पर भी निर्भर करती है। पुलिस आकलन करती है और उसी के अनुसार तैनाती करती है। इन मैचों में एक में पाकिस्तान की भागीदारी को देखते हुए, सुरक्षा बढ़ाए जाने की उम्मीद है।
2016 के बाद पहली बार भारत आएगी पाकिस्तानी टीम
पाकिस्तान की टीम 2016 टी-20 विश्व कप के बाद पहली बार भारत में खेलेगी। टीम का हैदराबाद में लंबा प्रवास होगा क्योंकि उसे इसी स्थल पर विश्व कप के दो मैचों के अलावा दो अभ्यास मैचों में भी भाग लेना है। टीम विश्व कप में अपने अभियान का आगाज छह अक्तूबर को राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में नीदरलैंड के खिलाफ करेगी। विश्व कप के लिए टिकटों की बिक्री 25 अगस्त से शुरू हो रही है, जिससे ज्यादातर क्रिकेट प्रशंसक को अपनी यात्रा की योजना बनाने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पा रहा है।