भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए शतक लगा दिया है। गिल ने लीड्स में खेले जा रहे पहले मैच की पहली पारी में 140 गेंदों पर अपना सैकड़ा पूरा किया। इससे पहले सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने भी शतक लगाया था। इन दोनों बल्लेबाजों की शानदार पारी से भारत का स्कोर 300 रन के पार पहुंच गया है।
भारत की अच्छी शुरुआत
इस मैच में इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और भारत को बल्लेबाजी का न्योता दिया। राहुल और यशस्वी ने भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई। इनकी जोड़ी पहले मैच में हिट रही और दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 91 रन जोड़े। यशस्वी और राहुल के बीच अच्छी साझेदारी पनप रही थी, लेकिन ब्रायन कार्स ने केएल को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा और इंग्लैंड को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद पहला मैच खेल रहे साई सुदर्शन भी खाता खोले बिना आउट हो गए।
दो झटके लगने के बाद यशस्वी ने गिल के साथ पारी आगे बढ़ाई। यशस्वी और गिल के बीच तीसरे विकेट के लिए 129 रनों की साझेदारी हुई जिसे बेन स्टोक्स ने यशस्वी को आउट कर तोड़ा। यशस्वी के आउट होने के बाद गिल ने उपकप्तान ऋषभ पंत के साथ पारी को आगे बढ़ाया। इस दौरान गिल ने शतक जड़ा और भारत का स्कोर 300 के पार पहुंचा दिया।
शुभमन ने हासिल की उपलब्धि
शुभमन को रोहित शर्मा के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद लाल गेंद के प्रारूप का कप्तान नियुक्त किया गया था। शुभमन ने कप्तान के तौर पर अपने पहले ही टेस्ट में बेहतरीन प्रदर्शन किया। गिल टेस्ट कप्तान के तौर पर अपने पहले मैच में शतक लगाने वाले चौथे भारतीय बन गए हैं। उनसे पहले विजय हजारे, सुनील गावस्कर और विराट कोहली ऐसा कर चुके हैं।
विजय हजारे ने 1951 में कप्तान के तौर पर अपने पहले मैच में इंग्लैंड के खिलाफ नाबाद 164 रन बनाए थे। वहीं, सुनील गावस्कर ने 1976 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 116 रन और विराट कोहली ने 2014 में एडिलेड में कप्तान के तौर पर अपने पहले मैच में 115 रन बनाए थे। अब गिल भी इस विशेष सूची में शामिल हो गए हैं।