क्रिकेट पिच यानी 22 गज की वह पट्टी जहां गेंद और बल्ले के बीच घमासान होता है। 20.12 मीटर लंबा और 10 फीट (3.05 मी) चौड़ाई का यह आयताकार क्षेत्र कोरोना वायरस की वजह से बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। जी हां, सुनने में यह जरूर अटपटा लगेगा, लेकिन सच्चाई यही है, कोविड-19 न सिर्फ लोगों की जान का दुश्मन बना हुआ है बल्कि क्रिकेट मैदानों की इस अहम सतह को भी प्रभावित कर रहा है। दरअसल, जून में मानसून के आगमन से पहले देश के सभी इंटरनेशनल स्टेडिमय की खासतौर पर देखभाल की जाती है। पिच को खाद, उर्वरक और विशेष प्रकार की मिट्टी से सहेजा जाता है। यह 10 दिन की प्रक्रिया होती है, जिससे पिछले सीजन में लगातार इस्तेमाल की वजह से थक चुकी पिच को नई जान मिलती है। मगर अब देशभर में जारी लॉकडाउन की वजह से यह कार्य छह माह के लिए टल चुका है।