आईपीएल 2022 के मेगा ऑक्शन में खिलाड़ियों की नीलामी कराने के लिए ह्यू एड्मीड्स को चुना गया था, लेकिन कुछ खिलाड़ियों की नीलामी के बाद ही एड्मीड्स बेहोश होकर गिर गए थे। इसके बाद चारू शर्मा ने बाकी सभी खिलाड़ियों की नीलामी कराई थी। शुरुआत में चारू शर्मा का नाम नीलामीकर्ता के रूप में शामिल नहीं था। वे बायो बबल का हिस्सा भी नहीं थे, लेकिन आनन-फानन में चारू को बुलाकर खिलाड़ियों की नीलामी कराई गई। यहां हम पूरी कहानी बता रहे है कि कैसे चारू मेगा ऑक्शन की जगह तक पहुंचे थे और नीलामी में शामिल होने से पहले वे क्या कर रहे थे।
12 फरवरी के दिन आईपीएल मेगा ऑक्शन की शुरुआत हुई थी और ह्यू एडमीड्स ने सबसे पहले मार्की खिलाड़ियों की नीलामी कराई थी। इसके बाद बड़े खिलाड़ियों की नीलामी जारी थी और श्रीलंका के वनिंदू हसरंगा पर कई टीमें बोली लगा रही थीं। बोली 10.75 करोड़ पहुंच गई थी और आरसीबी की टीम इसी कीमत पर उन्हें खरीदने को तैयार थी। तभी नीलीमीकर्ता ह्यू एडमीड्स मंच पर ही बेहोश होकर गिर गए। किसी को समझ नहीं आ रहा था कि उन्हें क्या हुआ है और आगे क्या किया जाए।
थोड़े समय बाद पता चला कि उन्हें "पॉश्चरल हाइपोटेंशन" हुआ है। जब कोई व्यक्ति लंबे समय तक बैठा या लेटा रहता है और इसके बाद खड़े होकर कोई काम करने लगता है तो पॉश्चरल हाइपोटेंशन का खतरा रहता है। एडमीड्स अब नीलामी के लिए फिट नहीं थे। ऐसे में बीसीसीआई और आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के अधिकारियों को तुरंत नए नीलामीकर्ता का इंतजाम करना था।
लंच के समय चारू के पास पहुंचा फोन
ईएसपीएन क्रिकइनफो जब चारू शर्मा के पास आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन बृजेश पटेल का फोन पहुंचा तब वे अपने घर में परिवार के साथ खाना खा रहे थे। उन्हें यह पता था कि आज आईपीएल मेगा ऑक्शन हो रहा है, लेकिन इसके अलावा उन्हें इस ऑक्शन के बारे में कोई और जानकारी नहीं थी। ऐसे में उनसे कहा गया कि उन्हें तुरंत आईटीसी गार्डेनिया पहुंचना है। वह होटल जहां खिलाड़ियों की नीलामी हो रही थी। चारू ने अपना खाना बीच में ही छोड़ा और कपड़े पहनकर तैयार हो गए।
घर पर ईयरफोन भूल गए थे चारू
होटल पहुंचने के बाद उनके पास 20 मिनट का समय था और इसके बाद उन्हें बाकी सभी खिलाड़ियों की नीलामी करनी थी। यहां उन्हें याद आया कि वे अपना ईयरफोन घर पर ही भूल आए हैं। उन्होंने तुरंत एक आदमी को अपने घर भेजा और अपनी पत्नी को बताया कि ईयरफोन कहां है। गनीमत यह थी कि चारू का घर नीलामी वाली जगह से सिर्फ 10 मिनट की दूरी पर था। उनका ईयरफोन समय पर आ गया और फिर चारू ने सभी खिलाड़ियों की नीलामी कराई।
संयोग से उस दिन गोल्फ खेलने नहीं गए
चारू शर्मा आमतौर पर शनिवार के दिन गोल्फ खेलने जाते हैं और उस समय अपना फोन दूर रख देते हैं, लेकिन इस शनिवार ऐसा नहीं था। चारू को लगभग चार महीने पहले कंधे पर चोट लगी थी और वे गोल्फ नहीं खेल सकते थे। इस वजह से वे घर पर थे और उन्होंने फोन भी उठाया। नीलामी कराने के बाद उन्होंने बताया कि अगले दिन उन्हें काफी थकान थी, लेकिन दूसरे दिन भी उन्होंने नीलामी कराई और अंत में ह्यू एडमीड्स को वापस उनका काम सौंप दिया।
बायो बबल का हिस्सा नहीं थे
आईपीएल मेगा ऑक्शन का हिस्सा बनने वाले सभी लोगों के लिए सख्त कोरोना गाइडलाइन जारी की गई थी। सभी लोगों से कोरोना निगेटिव होने का सर्टिफिकेट मांगा गया था और एक बबल बनाया गया था ताकि नीलामी में कोई परेशानी न हो। हालांकि, ह्यू एडमीड्स की तबीयत खराब होने के बाद चारू को उनकी जगह बुलाया गया जो बबल का हिस्सा नहीं थे।
चारू कोरोना वैक्सीन के तीन टीके लगवा चुके हैं और उन्हें कुछ महीने पहले ही बूस्टर डोज भी लगा था। एक सप्ताह पहले उन्होंने एटीपी टूर टाटा ओपेन के लिए कोरोना टेस्ट भी कराया था और उनकी रिपोर्ट निगेटिव थी। ऐसे में सभी के लिए खतरा न के बराबर था। इसके बावजूद उनका कोरोना टेस्ट किया गया ताकि रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर तुरत नीलामी रोका जा सके और बाकी लोगों में संक्रमण का खतरा कम हो।