दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज हर्शल गिब्स ने पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम पर उनके अंग्रेजी बोलने के कौशल को लेकर निशाना साधा है। यह पहली बार नहीं है जब किसी मौजूदा या पूर्व क्रिकेटर ने बाबर की अंग्रेजी में संवाद करने की क्षमता पर सवाल उठाया है। एक फैन के सवाल का जवाब देते हुए गिब्स ने कहा कि बाबर का खराब संचार कौशल दूसरों के लिए अपना विचार रखने के दौरान थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो सकता है। फैन ने गिब्स से बाबर को बल्लेबाजी सलाह देने के लिए कहा था।
गिब्स ने बाबर को लेकर कही यह बात
उस फैन ने लिखा, 'हे गिब्स, बाबर आजम को कुछ सुझाव दे सकते हैं। जैसे आपने कराची किंग्स के साथ पीएसएल 2021/2022 के दौरान किया था? मुझे लगता है कि वह इस बार आपके हस्तक्षेप से इनकार नहीं करेंगे।' इस पर गिब्स ने जवाब देते हुए लिखा- भाषा बाबर के साथ एक मुद्दा है। जैसा कि आप जानते हैं कि उनकी अंग्रेजी बहुत अच्छी नहीं है, इसलिए उनके सामने आपनी बात या पॉइंट्स रखना मुश्किल है।'
कामरान अकमल ने बाबर पर दिया बयान
इस बीच पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर कामरान अकमल को लगता है कि बाबर को ओपनिंग करने से उनका आत्मविश्वास और पाकिस्तान का टीम संयोजन बर्बाद हो रहा है। फॉर्म के लिए संघर्ष कर रहे बाबर पिछले पांच मैचों में- 29, 23, 10, 1 और 31 (टेस्ट), 8 और 5 (टेस्ट) रन बना सके हैं। कामरान का मानना है कि मौजूदा लाइनअप के कारण बाबर का आत्मविश्वास प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने कहा, 'आप बाबर से ओपनिंग करा रहे हैं। इस फैसले से टीम संयोजन बर्बाद हो गया है और बाबर का आत्मविश्वास भी।' टेस्ट से लेकर वनडे तक, बाबर कंसिस्टेंट नहीं रहे हैं। हालांकि, पाकिस्तान के कप्तान मोहम्मद रिजवान का मानना है कि बाबर ने अपने लेवल को इतना ऊपर उठा लिया है और वह इसी वजह से संघर्ष कर रहे हैं।
बाबर के फॉर्म को लेकर बोले रिजवान
वेबसाइट ईएसपीएनक्रिकइंफो ने रिजवान के हवाले से लिखा है, 'बाबर ने पाकिस्तान के लिए इतने रन बनाए हैं कि हम उम्मीद करते हैं कि वह प्रत्येक मैच में शतक बनाएंगे। अगर हम उन पर से उम्मीद का बोझ हटा दें तो आप पाएंगे कि वह अभी भी हमारे लिए कीमती योगदान दे रहे हैं।एक कप्तान के रूप में, मैं उनसे बहुत अधिक उम्मीद करता हूं क्योंकि उन्होंने इससे पहले बहुत कुछ किया है। निश्चित तौर पर इसकी वजह से उन पर अतिरिक्त दबाव है और मुझे यकीन है कि वह भी ऐसा महसूस करते हैं, लेकिन अगर आप दक्षिण अफ्रीका में उनकी पारी पर गौर करें तो वह अब भी रन बना रहे हैं। ऐसा नहीं है कि उनके पास तकनीकी कमियां हैं। मुझे विश्वास है कि वह इससे बाहर आ जाएंगे।'