सनराइजर्स हैदराबाद ने पंजाब किंग्स के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने इस मुकाबले में टीम को तूफानी शुरुआत दिलाई और वैसा ही खेल दिखाया जैसा अब तक उनके प्रशंसक इस जोड़ी से उम्मीद कर रहे थे। अभिषेक और हेड के दम पर ही सनराइजर्स हैदराबाद ने पावरप्ले में 100 रनों का आंकड़ा पार कर लिया।
पंजाब ने जीता टॉस
पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। पंजाब ने इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। सनराइजर्स ने इस मैच के लिए दो बदलाव किए। ईशान किशन ने बताया कि लियाम लिविंगस्टोन की जगह सलील अरोड़ा को मौका मिला है, जबकि प्रफुल हिंगे डेब्यू कर रहे हैं।
शुरुआती छह ओवर में सनराइजर्स का दिखा दम
पहले बल्लेबाजी करते हुए अभिषेक और हेड ने सनराइजर्स को दमदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले ही ओवर से पंजाब के गेंदबाजों पर प्रहार शुरू कर दिए। इस दौरान हेड से ज्यादा अभिषेक आक्रामक अंदाज में खेलते नजर आए। अभिषेक ने 18 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद हेड ने भी हाथ खोले और जैवियर बार्टलेट को निशाने पर लिया। सनराइजर्स हैदराबाद ने पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 105 रन बनाए। यह आईपीएल में पावरप्ले का तीसरा सर्वोच्च है।
सनराइजर्स ने हासिल किया नया मुकाम
आईपीएल में पावरप्ले का सर्वोच्च स्कोर बनाने का रिकॉर्ड सनराइजर्स हैदराबाद के नाम ही है। सनराइजर्स ने 2024 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बिना किसी नुकसान के 125 रन बनाए थे। वहीं, 2024 में ही टीम ने लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ बिना किसी नुकसान के 107 रन बनाए थे। अब टीम ने एक बार फिर पावरप्ले में 100+ रनों का स्कोर बनाया है। पुरुष टी20 में सबसे ज्यादा बार पावरप्ले में 100+ स्कोर बनाने वाली सनराइजर्स पहली टीम है। सनराइजर्स तीन बार ऐसा कर चुकी है।
दिग्गजों की सूची में शामिल हुए अभिषेक
अभिषेक ने पंजाब के खिलाफ पावरप्ले में सात छक्के लगाए। वह आईपीएल की एक पारी में शुरुआती छह ओवर में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों में शामिल हो गए हैं। अभिषेक से पहले सनथ जयसूर्या ने 2008 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ सात छक्के लगाए थे। इन दोनों के अलावा जोस बटलर और जॉनी बेयरस्टो भी आईपीएल की एक पारी में पावरप्ले के दौरान सात छक्के लगा चुके हैं।
शशांक सिंह ने अभिषेक-हेड की साझेदारी तोड़ी
पावरप्ले समाप्त होने के बाद श्रेयस अय्यर ने शशांक सिंह को गेंद सौंपी। शशांक ने एक ही ओवर में अभिषेक और हेड दोनों को आउट कर सनराइजर्स की रन गति पर लगाम लगाई। शशांक ने पहले हेड को आउट किया जो 23 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 38 रन बनाकर आउट हुए। हेड और अभिषेक के बीच पहले विकेट के लिए 120 रनों की साझेदारी हुई। इसके बाद अभिषेक भी शशांक की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। अभिषेक 28 गेंदों पर पांच चौकों और आठ छक्कों की मदद से 74 रन बनाकर आउट हुए।