रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की फैन फॉलोइंग सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि दुनिया भर में फैली हुई है। इसका ताजा उदाहरण एक कोरियाई महिला फैन का वीडियो है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मिशेल नाम की इस फैन ने जैसे ही अपनी आरसीबी जर्सी अनबॉक्स की, उनकी खुशी देखने लायक थी। वीडियो में उनका एक्साइटमेंट पहले ही फ्रेम से साफ नजर आता है।
अनबॉक्सिंग का हर पल बना खास
वीडियो में मिशेल पैकेज खोलने से पहले ही मुस्कुराती नजर आती हैं। जैसे ही उन्होंने बॉक्स खोला, सबसे पहले कुछ स्टिकर्स निकाले और उन्हें देखकर खुशी जाहिर की। लेकिन असली पल तब आया जब उन्होंने जर्सी को बाहर निकाला। जर्सी हाथ में लेते ही वह हंसने लगीं, उसे गले से लगाया और फिर पहनकर अपनी खुशी जाहिर की। जर्सी पर 18 नंबर लिखा था, जो कि विराट कोहली का जर्सी नंबर है।
'लेट मिली जर्सी, लेकिन प्यार नहीं'
मिशेल ने वीडियो के कैप्शन में अपनी भावनाएं भी शेयर कीं। उन्होंने लिखा, 'मैं एक कोरियन RCB फैन हूं। मुझे जर्सी भले ही देर से मिली हो, लेकिन टीम के लिए मेरा प्यार कभी देर से नहीं आया।' उनका यह मैसेज फैंस के दिल को छू गया।
फैंस बोले- आरसीबी एक इमोशन है
वीडियो पर फैंस ने भी जमकर रिएक्शन दिए। एक यूजर ने लिखा, 'किसी को इन्हें आरसीबी का मैच देखने के लिए टिकट देना चाहिए।' वहीं, एक अन्य फैन ने कहा, 'आरसीबी सिर्फ एक फ्रेंचाइजी नहीं है, यह एक इमोशन है।' इस वीडियो ने एक बार फिर साबित कर दिया कि आरसीबी की फैन फॉलोइंग कितनी गहरी और भावनात्मक है।
दुनिया भर में आरसीबी का जलवा
यह वीडियो सिर्फ एक फैन की खुशी नहीं, बल्कि आरसीबी के ग्लोबल क्रेज को भी दिखाता है। अलग-अलग देशों के लोग इस टीम से जुड़ाव महसूस करते हैं, जो इसे खास बनाता है।