ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड को बड़ी चोट के चलते पूरी एशेज सीरीज से बाहर कर दिया गया है। उन्हें हैमस्ट्रिंग और एकिलीज टेंडन की समस्या है, जिसके कारण वह पहले ही पर्थ और ब्रिस्बेन में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए शुरुआती दो टेस्ट मैचों में नहीं खेल पाए थे। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई फैंस के लिए एक राहत की खबर है कि कप्तान पैट कमिंस अगले मैच में वापसी कर सकते हैं। उन्हें क्लीयरेंस मिल चुका है।
अब लक्ष्य टी20 वर्ल्ड कप पर
टीम मैनेजमेंट और फैंस को उम्मीद थी कि हेजलवुड सीरीज के आगे के मैचों में वापसी कर पाएंगे, लेकिन मेडिकल अपडेट के बाद यह स्पष्ट हो गया कि उनकी रिकवरी में अभी और समय लगेगा। ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच एंड्रयू मैकडॉनल्ड ने मंगलवार को जानकारी दी कि हेजलवुड अब अपना पूरा ध्यान अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी पर लगाएंगे।
मैकडॉनल्ड ने कहा, 'वह अब एशेज सीरीज में उपलब्ध नहीं रहेंगे। उनकी तैयारी अब टी20 वर्ल्ड कप की ओर शिफ्ट होगी, जो हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण टूर्नामेंट है।' उन्होंने आगे कहा कि यह निर्णय हेजलवुड और टीम, दोनों के लिए निराशाजनक है। मैकडॉनल्ड ने कहा, 'ये काफी निराशाजनक है, क्योंकि हमें उम्मीद नहीं थी कि उनकी चोट इतनी लंबी चलेगी। हमें लगा था कि वह इस सीरीज में बड़ा योगदान देंगे।'