जिस बेहतरीन बल्लेबाजी ने हाशिम अमला को डेढ़ साल पहले दक्षिण अफ्रीका की टेस्ट टीम का कप्तान बनाया था अब उसी बल्लेबाजी के कारण उन्हें कप्तानी पद से इस्पीफा देना पड़ गया। अमला ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरा टेस्ट मैच के बाद कप्तान के पद से इस्तीफा दे दिया है। 2014 में भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के बाद टेस्ट सीरीज के बीच में ही तुरंत प्रभाव से कप्तानी छोड़ने वाले वे किसी शीर्ष टीम के दूसरे कप्तान हैं। हालांकि धोनी ने ऑस्ट्रेलिया में सीरीज के बीच टेस्ट से संन्यास ले लिया था लेकिन अमला बतौर बल्लेबाज टीम से जुड़े रहेंगे।
अमला के इस्तीफा देने के बाद दक्षिण अफ्रीकी टीम की कमान विस्फोटक बल्लेबाज एबी डीविलियर्स को सौंप दी गई है जो वनडे कप्तान भी हैं। डीविलियर्स सीरीज में बचे शेष 2 टेस्ट मैचों के कप्तान होंगे। 2014 के मध्य में लंबे समय तक टीम के कप्तान रहे ग्रीम स्मिथ के संन्यास लेने के बाद भारतीय मूल के बल्लेबाज अमला को अफ्रीकी टीम की कमान सौंपी गई थी। बतौर कप्तान यह उनकी छठी टेस्ट सीरीज थी।
टीम इंडिया के हाथों 0-3 से सीरीज गंवाने के बाद अफ्रीकी टीम ने अपने घर में खेली जा रहा 4 मैचों की सीरीज के पहले मैच में ही इंग्लैंड के हाथों 241 रनों से मिली करारी हार का सामना करना पड़ा था। खराब प्रदर्शन और टीम के हार के बाद से लगातार उनकी आलोचना हो रही थी। वह जब कप्तान बने थे तो उनकी शुरुआत बेहद शानदार रही थी और पहली 3 सीरीज (श्रीलंका, जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज) में जीत हासिल की थी।
इसके बाद बांग्लादेश के खिलाफ बारिश के प्रभावित सीरीज को बराबरी पर खत्म कराया था। लेकिन इसके बाद उनकी अगुवाई में टीम इंडिया के हाथों 0-3 से हार के बाद वह आलोचकों के निशाने पर आ गए थे।