फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Vijay Hazare Trophy: हरियाणा ने पहली बार जीता विजय हजारे ट्रॉफी का खिताब, फाइनल में राजस्थान को 30 रन से हराया

Sat, 16 Dec 2023 09:33 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, राजकोट

सार

Rajasthan vs Haryana Final VHT 2023 : हरियाणा की टीम पहली बार विजय हजारे ट्रॉफी के फाइनल में पहुंची थी और पहली बार में ही उसने खिताब पर कब्जा जमाया। वहीं, राजस्थान की टीम इससे पहले 2006-07 में फाइनल में पहुंची थी, जहां उसे मुंबई के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। अब एक बार फिर राजस्थान की टीम फाइनल में हार गई।
विज्ञापन
हरियाणा की टीम ट्रॉफी के साथ - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा की टीम ने विजय हजारे ट्रॉफी 2023 का खिताब जीत लिया है। राजकोट के सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए फाइनल में हरियाणा ने राजस्थान को 30 रन से हरा दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हरियाणा ने 50 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 287 रन बनाए। अंकित कुमार ने सबसे ज्यादा 88 रन की पारी खेली।
विज्ञापन


जवाब में राजस्थान की टीम 257 रन पर सिमट गई। एक वक्त टीम का स्कोर 201 रन पर चार विकेट था और लग रहा था कि राजस्थान की टीम मैच जीत जाएगी। हालांकि, ऐसा नहीं हुआ। 201 पर पांचवां विकेट गिरते ही पूरी टीम 257 रन पर लुढ़क गई। राजस्थान के लिए अभिजीत तोमर ने सबसे ज्यादा 106 रन बनाए।
Trending Videos

हरियाणा की टीम बनी चैंपियन

हरियाणा की टीम पहली बार विजय हजारे ट्रॉफी के फाइनल में पहुंची थी और पहली बार में ही उसने खिताब पर कब्जा जमाया। वहीं, राजस्थान की टीम इससे पहले 2006-07 में फाइनल में पहुंची थी, जहां उसे मुंबई के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। अब एक बार फिर राजस्थान की टीम फाइनल में हार गई।

हरियाणा की पारी
पहले बल्लेबाजी करते हुए हरियाणा की शुरुआत खराब रही थी। युवराज सिंह एक रन बनाकर आउट हुए थे। इसके बाद अंकित ने हिमांशु राणा के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी निभाई। हिमांशु 10 रन बनाकर चलते बने।

कप्तान अशोक मनेरिया ने फिर अंकित के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 124 रन की साझेदारी निभाई। अंकित 91 गेंद में 12 चौके और एक छक्के की मदद से 88 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, मनेरिया ने कप्तानी पारी खेली। वह 96 गेंद पर आठ चौके की मदद से 70 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और टीम 287 के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही। रोहित प्रमोद शर्मा ने 20 रन, निशांत सिंधु ने 29 रन, राहुल तेवतिया ने 24 रन और हर्षल पटेल ने दो रन बनाए। सुमित कुमार 16 गेंद में 28 रन बनाकर नाबाद रहे। राजस्थान की ओर से अनिकेत चौधरी ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। वहीं, अराफात खान को दो विकेट मिले। राहुल चाहर को एक विकेट मिला।
विज्ञापन

राजस्थान की पारी
288 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। राम मोहन चौहान एक रन और महिपाल लोमरोर दो रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कप्तान दीपक हुड्डा खाता खोले बिना पवेलियन लौटे। करन लांबा 20 रन बनाकर आउट हुए। 12 रन पर राजस्थान के तीन विकेट गिर चुके थे और 80 पर चौथा झटका लगा था। इसके बाद अभिजीत ने कुणाल सिंह राठौड़ के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 121 रन की साझेदारी निभाई।

इस बीच अभिजीत ने शानदार शतक जड़ा। इस साझेदारी को हर्षल पटेल ने तोड़ा। उन्होंने अभिजीत को कैच आउट कराया। अभिजीत ने 129 गेंद पर 10 चौके और दो छक्के की मदद से 106 रन बनाए। वहीं, हर्षल ने फिर कुणाल सिंह को भी पवेलियन भेजा। वह 65 गेंद पर चार चौके और पांच छक्के की मदद से 79 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद कुकना अजय सिंह आठ रन, अनिकेत चौधरी चार रन और अराफात खान एक रन बनाकर आउट हुए। खलील अहमद खाता नहीं खोल सके। राहुल चाहर 18 रन बनाकर नाबाद रहे। हरियाणा की ओर से सुमित कुमार और हर्षल पटेल ने तीन-तीन विकेट लिए। वहीं, अंशुल कंबोज और राहुल तेवतिया को दो-दो विकेट मिले।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें