एक ओवर में छह छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों के बारे में सभी जानते हैं। रवि शास्त्री से लेकर युवराज सिंह और कीरोन पोलार्ड तक कई बल्लेबाज अलग-अलग स्तर पर यह कारनामा कर चुके हैं, लेकिन दुबई के हर्षित सेठ ने एक ओवर में छह विकेट लेने का कारनामा किया है। 11वीं कक्षा में पढ़ने वाले हर्षित ने यूएई की अंडर-16 क्रिकेट में यह रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने पाकिस्तान की टीम हैदराबाद हॉक्स एकेडमी आरसीजी के खिलाफ 28 नवंबर को यह रिकॉर्ड बनाया था।
बाएं हाथ से स्पिन गेंदबाजी करने वाले हर्षित ने एक ओवर में छह विकेट लेने के साथ ही मैच में आठ विकेट अपने नाम किए। उन्होंने चार बल्लेबाजों को क्लीन बोल्ड किया और तीन खिलाड़ियों को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वहीं एक बल्लेबाज को उन्होंने कैच आउट कराया। उनके शानदार प्रदर्शन की बदौलत दुबई क्रिकेट काउंसिल की टीम ने विपक्षी टीम को 44 रनों पर समेट दिया। इस लीग का आयोजन अजमान क्रिकेट काउंसिल कर रही है। अंडर-19 करवान ग्लोबल टी-20 लीग में छह टीमें भाग ले रही हैं।
हर्षित ने गल्फ न्यूज से बात करते हुए कहा "मैंने इसकी उम्मीद नहीं की थी। कभी नहीं सोचा था कि कोई गेंदबाज (एक ओवर में) छह विकेट लेगा। मैंने सिर्फ गेंदबाजी करना जारी रखा, जैसे कि मुझे कोई विकेट मिला ही नहीं है और उस बारे में नहीं सोचा। मेरे ऊपर कोई दबाव नहीं था, जब मैं आखिरी गेंद करने जा रहा था तब थोड़ा नर्वस था, लेकिन मैं लालच में नहीं आना चाहता था। क्योंकि जब आप विकेट के लिए गेंदबाजी करने लगते हो तब चीजें खराब हो सकती हैं। इसलिए मैं विकेट के लिए नहीं जा रहा था और सिर्फ अच्छी लाइन और लेंथ पर गेंद करना चाह रहा था। इसी वजह से मुझे विकेट मिले।"
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में कोई खिलाड़ी एक ओवर में नहीं ले पाया छह विकेट
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक डबल हैट्रिक नहीं ली गई है। हालांकि जनवरी 2017 में ऑस्ट्रेलिया के एलेड कैरी ने गोल्डेन प्वाइंट क्रिकेट क्लब के लिए खेलते हुए एक ओवर में छह विकेट लिए थे। उन्होंने विक्टोरिया में इस्ट बलार्ट के खिलाफ यह रिकॉर्ड बनाया था। इससे पहले 1951 में जी सिरेट और 1930 में वाईएस रामास्वामी ने एक ओवर में छह विकेट लिए थे।