फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Team India: रिहैब के दौरान कैसे बढ़ा हर्षित का वजन? COE पर उठे सवाल; वरुण के भविष्य को लेकर हो रही चर्चा

Thu, 16 Jul 2026 09:23 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

हर्षित राणा की हैमस्ट्रिंग चोट के बाद उनकी फिटनेस और रिहैब के दौरान बढ़े वजन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। वहीं, लगातार चोटों और बढ़ती उम्र के कारण वरुण चक्रवर्ती के टीम इंडिया में लंबे भविष्य पर भी संशय जताया जा रहा है।
विज्ञापन
हर्षित राणा-वरुण चक्रवर्ती - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा एक बार फिर चोट के कारण टीम से बाहर हो गए हैं। घुटने की सर्जरी से वापसी के बाद इंग्लैंड दौरे पर उन्हें हैमस्ट्रिंग इंजरी का सामना करना पड़ा। अब उनकी फिटनेस और वजन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। वहीं, अनुभवी स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की लगातार चोटों और बढ़ती उम्र को देखते हुए उनके भविष्य पर भी चर्चा तेज हो गई है।
विज्ञापन


हर्षित राणा की फिटनेस पर सवाल
समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि, 24 वर्षीय हर्षित राणा घुटने की सर्जरी के बाद जब इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम से जुड़े तो उनका वजन पहले की तुलना में अधिक पाया गया। माना जा रहा है कि अतिरिक्त वजन की वजह से उनके शरीर पर दबाव बढ़ा और यही उनकी हैमस्ट्रिंग चोट का प्रमुख कारण बना। हर्षित ने आयरलैंड के खिलाफ दो और इंग्लैंड के खिलाफ तीन टी20 मुकाबले खेले। तीसरे टी20 मैच के दौरान उन्हें दाएं पैर की हैमस्ट्रिंग में दर्द महसूस हुआ। जांच में ग्रेड-1 हैमस्ट्रिंग इंजरी की पुष्टि हुई, जिसके बाद उन्हें तीन मैचों की वनडे सीरीज से बाहर कर दिया गया।

2027 विश्व कप की योजनाओं में अहम हैं हर्षित
बीसीसीआई के एक सूत्र के मुताबिक, टीम प्रबंधन और चयन समिति हर्षित राणा को 2027 वनडे विश्व कप की योजनाओं का अहम हिस्सा मानती है। तेज गेंदबाजी के साथ उनकी बल्लेबाजी क्षमता को देखते हुए उन्हें संभावित नंबर-8 बल्लेबाज के रूप में भी तैयार किया जा रहा है। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि एक तेज गेंदबाज के लिए वजन नियंत्रण बेहद जरूरी है। अतिरिक्त वजन के कारण गेंदबाजी के दौरान शरीर पर पड़ने वाला दबाव कई गुना बढ़ जाता है, जिससे हैमस्ट्रिंग जैसी चोटों का खतरा काफी बढ़ जाता है।
विज्ञापन


रिहैब के दौरान वजन प्रबंधन पर उठे सवाल
राणा ने राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बेंगलुरु) में सफलतापूर्वक रिहैब और 'रिटर्न टू प्ले' प्रक्रिया पूरी की थी। बावजूद इसके, उनका वजन नियंत्रित नहीं रहना सवाल खड़े करता है। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि लंबे समय तक चोट के कारण बाहर रहने वाले खिलाड़ियों के लिए फिटनेस और वजन दोनों पर समान रूप से ध्यान देना जरूरी होता है।

वरुण चक्रवर्ती के भविष्य पर भी संशय
दूसरी ओर, अनुभवी मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की फिटनेस भी चिंता का विषय बनी हुई है। आईपीएल में पैर की उंगली में फ्रैक्चर के बावजूद खेलने के बाद उनकी रिकवरी पूरी नहीं हो सकी थी, जिसके कारण वे आयरलैंड दौरे से बाहर रहे। इंग्लैंड के खिलाफ वापसी के बाद महज तीन मुकाबले खेलने के बाद उन्हें ग्रेड-2 हैमस्ट्रिंग इंजरी हो गई। इसके चलते उन्हें जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज से भी बाहर होना पड़ा।

एशियन गेम्स तक मिल सकता है मौका
सूत्रों का मानना है कि अगले महीने 35 वर्ष के होने जा रहे वरुण चक्रवर्ती को फिलहाल एशियन गेम्स की टीम में जगह मिल गई है, लेकिन इसके बाद उनका भविष्य अनिश्चित नजर आ रहा है। बीसीसीआई की नजर अब 2028 ओलंपिक और ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप की तैयारियों पर है। उस समय तक वरुण 37 वर्ष के हो जाएंगे। ऐसे में चयनकर्ता युवा खिलाड़ियों पर अधिक भरोसा कर सकते हैं और एशियन गेम्स के बाद उनके लिए टीम में जगह बनाना मुश्किल हो सकता है।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें