इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और निर्णायक वनडे से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। वॉशिंगटन सुंदर दाहिनी हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह हर्ष दुबे को भारतीय वनडे टीम में शामिल किया गया है।
इंग्लैंड के खिलाफ निर्णायक तीसरे वनडे से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। ऑफ स्पिन ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर हैमस्ट्रिंग चोट के कारण सीरीज के आखिरी मुकाबले से बाहर हो गए हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शनिवार को इसकी आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि हर्ष दुबे को सुंदर की जगह भारतीय वनडे टीम में शामिल किया गया है। तीन मैचों की सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है और अब इसका फैसला रविवार को लॉर्ड्स में खेले जाने वाले तीसरे वनडे में होगा।
विज्ञापन
दूसरे वनडे में लगी थी चोट
26 वर्षीय वॉशिंगटन सुंदर को कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में खेले गए दूसरे वनडे के दौरान बल्लेबाजी करते समय चोट लगी थी। भारत की पारी के 33वें ओवर में रन लेते समय उनकी दाहिनी हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया। इसके बाद फिजियो कमलेश जैन मैदान पर पहुंचे और उपचार के बाद उनकी जांघ पर भारी स्ट्रैपिंग की गई।
हालांकि सुंदर ने बल्लेबाजी जारी रखी, लेकिन अगली ही गेंद पर साकिब महमूद की शॉर्ट गेंद पर विकेटकीपर जोस बटलर को कैच थमा बैठे और सिर्फ दो रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद इंग्लैंड की पारी के दौरान वह मैदान पर नहीं उतरे और उनकी जगह अर्शदीप सिंह सब्स्टीट्यूट फील्डर के रूप में नजर आए।
स्कैन के बाद सीरीज से बाहर
बीसीसीआई की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वॉशिंगटन सुंदर की दाहिनी हैमस्ट्रिंग में चोट की पुष्टि हुई है। वह इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के शेष मुकाबले से बाहर हो गए हैं। अब उनकी विस्तृत स्कैनिंग होगी और आगे के इलाज व रिहैबिलिटेशन के लिए विशेषज्ञ की राय ली जाएगी।
हर्ष दुबे को पहली बार मिला मौका
पुरुष चयन समिति ने वॉशिंगटन सुंदर के स्थान पर हर्ष दुबे को भारतीय वनडे टीम में शामिल किया है। घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले हर्ष दुबे को पहली बार भारतीय वनडे टीम का हिस्सा बनाया गया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि टीम प्रबंधन उन्हें सीधे प्लेइंग इलेवन में मौका देता है या फिर अंतिम एकादश में किसी अन्य संयोजन के साथ उतरता है।
बल्लेबाजी कोच ने पहले ही जताई थी चिंता
दूसरे वनडे के बाद भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने भी सुंदर की चोट को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा था कि रन लेते समय उनकी हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी और चोट गंभीर लग रही है। अब बीसीसीआई की आधिकारिक घोषणा के साथ यह साफ हो गया है कि सुंदर निर्णायक मुकाबले का हिस्सा नहीं होंगे।