भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह क्रिकेट मैदान पर वापसी करने वाले हैं। वह एक बार फिर अपनी फिरकी का जादू दिखाने के लिए तैयार हैं। हरभजन इस साल सितंबर में लीजेंड्स क्रिकेट लीग में खेलते दिखाई देंगे। यह टूर्नामेंट का दूसरा सीजन होगा। हरभजन पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग, पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान और यूसुफ पठान के साथ जुड़ेंगे।
लीजेंड्स क्रिकेट लीग में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली, श्रीलंका के महानतम स्पिनर मुथैया मुरलीधरन और इंग्लैंड को वनडे में विश्व विजेता बनाने वाले कप्तान इयोन मोर्गन भी खेलते हुए दिखाई देंगे। टूर्नामेंट के दूसरे सीजन में चार टीमें हिस्सा लेंगी। इसमें कुल 110 पूर्व क्रिकेटर भाग लेंगे।
मशरफे मुर्तजा भी खेलेंगे
हरभजन सिंह ने लीजेंड्स क्रिकेट लीग में खेलने को लेकर कहा, ''मैदान पर वापसी और दुनिया के दिग्गजों के साथ खेलने को लेकर मैं काफी उत्साहित हूं। मैं सितंबर में खेलने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।'' हरभजन के अलावा बांग्लादेश के पूर्व कप्तान मशरफे मुर्तजा ने भी खेलने को लेकर सहमति दे दी है। इसी बीच, वेस्टइंडीज के लेंडल सिमंस और दिनेश रामदीन भी लीग में खेलने को लेकर तैयार हैं।
पहले सीजन में तीन टीमों ने लिया था भाग
टूर्नामेंट के पहले सीजन में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। उन्हें तीन टीमों में बांटा गया था। भारत, एशिया और शेष विश्व इलेवन की टीमें बनी थीं। वर्ल्ड जाएंट्स की टीम ने फाइनल में एशिया लायंस को हरा दिया था। इंडिया महाराजा की टीम चार मैच में सिर्फ एक ही जीत हासिल कर सकी थी। वह लीग राउंड में तीसरे स्थान पर रही थी।
कैफ थे इंडिया महाराजा के कप्तान
मोहम्मद कैफ इंडिया महाराजा के कप्तान थे। उनकी टीम में हेमांग बदानी, एस बद्रीनाथ, रजत भाटिया, स्टुअर्ट बिन्नी, वसीम जाफर, नमन ओझा, प्रज्ञान ओझा, मुनाफ पटेल, इरफान पठान, यूसुफ पठान जैसे खिलाड़ी थे। एशिया लायंस के कप्तान मिस्बाह उल हक और वर्ल्ड जाएंट्स के कप्तान डैरेन सैमी थे।