भारत टीम के स्टार ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह एक बार फिर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में हैं। उनका एक बयान ट्विटर पर ट्रोल कर रहा है। दरअसल उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर ऑपरेशन ब्लू स्टार की 37वीं वर्षगांठ पर स्वर्ण मंदिर के अंदर मारे गए जरनैल सिंह भिंडरावाले को श्रद्धांजलि दी और उन्हें शहीद कहने का संकेत दे दिया। फिर क्या था यूजर्स ने उनकी इस टिप्पणी की आलोचना शुरू कर दी। हालांकि उन्होंने इस दौरान भिंडरावाले का नाम नहीं लिया।
उन्होंने इंस्टा पर जनरैल सिंह की तस्वीर को प्रमुखता से दिखाया है। इसको लेकर लोगों ने जमकर ट्रोल किया है। लोगों ने उनसे बयान वापस लेने की मांग की है। ट्विटर पर अनामिका यादव नाम की एक लड़की ने उनके इस बयान की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि इस तरह के बयान को लेकर बीसीसीआई को तत्काल प्रभाव से उनपर कार्रवाई करनी चाहिए और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज होनी चाहिए।
इसके अलावा भारत भक्त नाम के यूजर्स ने लिखा कि मैं समझ नहीं पा रहा हूं कि जब विश्वकप में भारत की जीत हुई थी तब आप तिरंगा के लिए रोए थे, और अभी आप ऐसे व्यक्ति की महिमामंडन कर रहे हो जो देशद्रोही था। आपने अपना सम्मान खो दिया। इसके अलावा कई अन्य यूजर्स ने भी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि हरभजन सिंह की ओर से इस पर अभी कोई सफाई नहीं दी गई है। लोग उनकी प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं।
1984 में ऑपरेशन ब्लू स्टार को दिया गया था अंजाम
बता दें कि पंजाब में बिगड़ती कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उस वक्त देश की प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने ऑपरेशन ब्लू स्टार चलाने का निर्देश दिया था। ऑपरेशन ब्लू स्टार एक जून से 8 जून 1984 तक अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में चलाया गया था। इस ऑपरेशन में जरनैल सिंह भिंडरावाले की मौत हो गई थी। यह भारतीय सेना की ओर से किया गया एक बड़ा मिशन था।