हरभजन सिंह-चैंपियंस ट्रॉफी-मोहसिन नकवी
- फोटो : Harbhajan Singh(fb /icc/Mohsin Naqvi (fb)
भारतीय टीम के पूर्व ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) को सलाह दी है कि उन्हें अपने अहंकार में कमी लानी चाहिए। दरअसल, चैंपियंस ट्रॉफी पर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) पहले ही भारतीय टीम को पाकिस्तान की यात्रा पर भेजने से इनकार कर चुका है। वहीं, पाकिस्तान ने भी अब तक हाइब्रिड मॉडल पर सहमति नहीं जताई है। यही कारण है कि अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने चैंपियंस ट्रॉफी के कार्यक्रम का एलान नहीं किया है।
भज्जी ने पाकिस्तान को लताड़ा
इस सबके बीच पूर्व भारतीय खिलाड़ी ने पाकिस्तान को उनके अहंकार में कमी लाने और हाइब्रिड मॉडल के लिए सहमति जताने की सलाह दे दी है। हरभजन ने कहा- आप सभी खिलाड़ियों से पूछें, वे कहेंगे कि वे अबू धाबी या दुबई में खेलने के लिए तैयार हैं। वैसे भी हमें भारत बनाम पाकिस्तान मैच ज्यादा देखने को नहीं मिलता है। पाकिस्तान को अपने अहंकार को किनारे रखकर हाइब्रिड मॉडल पर सहमत होना चाहिए। (भारत के लिए) सुरक्षा चिंता है और मैं 2022 से यह बात कह रहा हूं।
पीसीबी ने रखी आईसीसी की सामने ये शर्त
शुक्रवार (29 नवंबर) को आईसीसी की वर्चुअल बैठक हुई थी जिसमें चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर फैसला होने की उम्मीद थी। बताया जा रहा है कि इस बैठक में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) से हाइब्रिड मॉडल स्वीकार करने के लिए कहा गया था, लेकिन पीसीबी शर्तों के साथ इसके लिए तैयार हुआ। सूत्रों और मीडिया रिपोर्ट्स में कई तरह के दावे किए जा रहे हैं। कुछ सूत्रों का कहना है कि पीसीबी ने आईसीसी के सामने शर्त रखी है कि वह तभी हाइब्रिड मॉडल को स्वीकार करेगा जब आईसीसी इस नीति को 2031 तक होने वाले उसके सभी टूर्नामेंट में लागू करे। 2025 से 2031 तक कई ऐसे टूर्नामेंट है जिसकी मेजबानी भारत के पास है। आईसीसी क्या पीसीबी की यह शर्त स्वीकार करेगा यह देखने वाली बात होगी।