कप्तान हैमिल्टन मसाकाद्जा (71) की शानदार अर्धशकीय पारी और क्रिस मपोफु (30/4) की बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत जिम्बाब्वे ने शुक्रवार को टी-20 ट्राई सीरीज के पांचवें मुकाबले में अफगानिस्तान को सात विकेट से हरा दिया। जिम्बाब्वे ने इस टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की है।
यह जिम्बाब्वे के कप्तान हैमिल्टन मसाकाद्जा का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच था। इस दौरान उन्होंने एक टी-20 रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। 42 गेंदों पर 71 रन बनाने वाले मसाकाद्जा अपने करियर के आखिरी टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी भी बन गए।
इस जीत के साथ ही जिम्बाब्वे ने टी-20 में पिछले 12 मैचों से चले आ रहे अफगानिस्तान के अजेय क्रम को भी तोड़ दिया। अपने विदाई मैच के बाद मसाकाद्जा बेहद भावुक नजर आए। मसाकाद्जा ने कहा, ‘यह बहुत विशेष था। टीम को जीत तक ले जाना बहुत विशेष था और वह भी मेरे आखिरी मैच में। साथ ही अफगानिस्तान को पहली बार हराना भी खास रहा।’
2001 में डेब्यू करने वाले मसाकाद्जा ने जिम्बाब्वे के लिए 38 टेस्ट, 209 वनडे और 66 टी-20 मैच खेले। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 8 विकेट पर 155 रन बनाए थे, जवाब में जिम्बाब्वे ने 3 विकेट खोकर 156 रन बनाते हुए जीत दर्ज की।