हैमिलटन मसकाद्जा (101*) के टेस्ट करियर के पांचवें शतक की मदद से जिम्बाब्वे ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट के पहले दिन अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। बुलावायो में रविवार से शुरू हुए टेस्ट में मेजबान टीम ने स्टंप्स तक 61 ओवर में 4 विकेट खोकर 169 रन बना लिए हैं। मसकाद्जा के साथ सिकंदर रजा 9 रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं।
बारिश के कारण पहले दिन का खेल पूरा नहीं हो सका। जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही और केमार रोच ने सोलोमन मीर (4) को विकेटकीपर शेन डॉरिच के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद शेनन गेब्रियल ने क्रैग इरविन को खाता भी नहीं खोलने दिया और क्लीन बोल्ड करके जिम्बाब्वे को तगड़ा झटका दिया।
जिम्बाब्वे का स्कोर 14 रन पर पहुंचा था कि संन्यास से वापस इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने लौटे ब्रेंडन टेलर (1) भी पवेलियन लौट गए। केमार रोच ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। तीन विकेट जल्दी गिरने के बाद पीटर मूर और हैमिलटन मसकाद्जा ने जिम्बाब्वे की पारी संभालने की जिम्मेदारी उठाई।
मूर और मसकाद्जा ने चौथे विकेट के लिए 142 रन की साझेदारी की और टीम को संकट की स्थिति से उबारा। इस दौरान मूर ने अपने टेस्ट करियर का तीसरा अर्धशतक पूरा किया। उन्हें रॉस्टन चेस ने क्लीन बोल्ड करके इस साझेदारी को तोड़ा। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 155 गेंदों में तीन चौको की मदद से अपनी फिफ्टी पूरी की।
हैमिलटन मसकाद्जा ने इस दौरान अपने टेस्ट करियर का पांचवां शतक जमाया। वो 171 गेंदों में 9 चौको और दो छक्को की मदद से 101 रन बनाकर नाबाद रहे। हालांकि, इस दौरान बारिश ने खेल बिगाड़ा। जब खेल दोबारा शुरू हुआ तो अंपायरों ने स्टंप्स की घोषणा करना उचित समझा। वेस्टइंडीज की तरफ से केमार रोच ने 2 विकेट झटके। उनके अलावा शेनन गैब्रियल और रॉस्टन चेस ने 1-1 सफलता हासिल की।