सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट के फाइनल में आसान जीत दर्ज कर गुजरात ने घरेलू टी-20 टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।
फाइनल में उसने पंजाब को 13 गेंद शेष रहते 6 विकेट से शिकस्त दी। पंजाब ने आठ विकेट पर 122 रन बनाए। जवाब में गुजरात ने 17.5 ओवर में चार विकेट पर 128 रन बनाकर घरेलू टी-20 टूर्नामेंट का चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरे पंजाब ने अपने शुरुआती चार विकेट महज 20 रन पर गंवा दिए थे। इनमें से दो विकेट बुमराह ने झटके।
कप्तान मनदीप सिंह (5) बुमराह की गेंद पर बोल्ड हुए। इसके बाद रविइंदर सिंह (01) को मेहुल पटेल ने चलता किया जबकि मयंक सिदाना (01) को बुमराह ने पवेलियन की राह दिखाई। जबकि पिछले मैच में शानदार पारी खेलने वाले गुरकीरत सिंह की पारी का अंत रोहित दहिया ने किया।
दहिया की गेंद पर गुरकीरत ने राकेश ध्रुव को कैच थमाया। उन्होंने पांच रन बनाए। पंजाब का छठवें ओवर में स्कोर चार विकेट पर 20 रन हो गया। जिसके बाद टीम 122 के स्कोर तक पहुंच सकी। तीन विकेट झटकने वाले 19 वर्षीय मीडियम पेसर जसप्रीत बुमराह को ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।