क्रिकेट के मैदान पर भले ही मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर और ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्रा के बीच जोरदार प्रतिद्वंद्विता होती रही हो, लेकिन अब ऐसा संयोग हुआ है कि दोनों को अब एक साथ रहना होगा।
ऑस्ट्रेलिया के सिडनी शहर में स्थित विख्यात मैडम तुसाद मोम संग्रहालय में मैक्ग्रा की एक मोम की प्रतिमा स्थापित की गई है। इस मोम संग्रहालय के खेल वर्ग में मैक्ग्रा से पहले ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज डॉन ब्रेडमैन और फिरकी के 'जादूगर' शेन वार्ने की भी मोम की प्रतिमा बनाई गई है।
जिस विशालकाय कमरे में इन तीनों कंगारू दिग्गज क्रिकेटरों की मोम की प्रतिमा रखी गई है उसी कमरे में मास्टर बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर भी शतक लगाने के बाद प्रशंसकों और ऊपरवाले को धन्यवाद देने की मुद्रा में मोम की प्रतिमा लगाई गई है।
तेंदुलकर के जिस अंदाज को प्रतिमा का रूप दिया गया है वह उनके अंतरराष्ट्रीय कॅरियर के विश्व रिकॉर्ड सौंवें शतक की प्रतिकृति है।
मैक्ग्रा ऑस्ट्रेलिया के लोकप्रिय खिलाड़ियों में शुमार हैं और उन्होंने प्रशंसकों के चुनाव के बाद इस मोम संग्रहालय में जगह पाई है।
वोटिंग के दौरान मैक्ग्रा ने अन्य प्रख्यात कंगारू खिलाड़ियों माइक फैनिंग, वैली लेविस, जैकलिन फ्रेनी, लौरेन जैक्सन और जॉन एल्स को हराया।
मोम संग्रहालय के 60 कलाकारों ने 33 दिन तक लगातार काम करते हुए मैक्ग्रा की प्रतिमा बनाई। मैक्ग्रा की प्रतिमा बनाने के लिए उनकी आंखों, त्वचा का रंग और बालों के सही मिलान के लिए 250 तरीकों से माप लिए गए।