क्रिकेट मैच फिक्सिंग पर बनी अल जजीरा की स्टिंग ऑपरेशन डॉक्यूमेंट्री की ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ग्लेन मैक्सवेल ने सख्त आलोचना की है। बता दें क्रिकेट मैच फिक्सिंग को लेकर हाल ही में अल जजीरा ने एक डॉक्यूमेंट्री बनाई थी, जिसमें कई खिलाड़ियों के संलिप्त होने की बात कही गई थी। विवादित खिलाड़ियों की लिस्ट ग्लेन मैक्सवेल का भी नाम था।
दरअसल इस डॉक्यूमेंट्री में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रांची में खेले गए एक टेस्ट मैच का जिक्र किया गया है। डॉक्यूमेंट्री में बताया गया कि यह टेस्ट मैच फिक्स था। मैच फिक्सिंग में ग्लेन मैक्स का नाम भी साफ तौर पर लिया गया है।
हाल ही में मैक्सवेल ने इस डॉक्यूमेंट्री को लेकर एसईएन रेडियो से बातचीत की। इस दौरान मैक्सवेल ने बताया कि यह डॉक्यूमेंट्री पूरी तरह से आधारहीन है। इसमें जो भी बातें मेरे या ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के बारे में कही गई हैं, उसका दूर-दूर तक सच से कोई वास्ता नहीं है।
इसके अलावा मैक्सवेल ने कहा, 'रांची में भारत के खिलाफ खेला गया वो टेस्ट मैच जिसे फिक्सिंग से जोड़ा जा रहा, मेरी जिंदगी के सबसे यादगार मैचों में से एक है। इस मैच में मैंने अपने टेस्ट क्रिकेट का पहला शतक जड़ा था। शतक जड़ने के बाद स्टीव स्मिथ को गले लगाने वाला पल भी आज तक मैं नहीं भूला हूं। ऐसे में इस साक्ष्य हीन डॉक्यूमेंट्री को देखने के बाद मुझे काफी दुख हुआ है।'