ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल को उम्मीद है कि वह भारत के खिलाफ होने वाली आगामी टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के आखिरी तीन मुकाबलों तक पूरी तरह फिट हो जाएंगे। 36 वर्षीय मैक्सवेल ने हाल ही में अपनी दाहिनी कलाई की सर्जरी कराई है। वह माउंट माउंगानुई में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज से पहले नेट प्रैक्टिस के दौरान मिशेल ओवेन के शॉट से घायल हो गए थे। इसी वजह से उन्हें भारत के खिलाफ 29 और 31 अक्टूबर को होने वाले पहले दो टी20 मैचों के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया।
'सर्जरी से खेलने की उम्मीद बनी'
मेलबर्न में एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में मैक्सवेल ने कहा, 'मुझे लगता है कि पिछले हफ्ते सर्जरी कराने से भारत के खिलाफ सीरीज में खेलने की थोड़ी उम्मीद जगी है। अब मुझे जल्द से जल्द फिटनेस हासिल करनी होगी।'
उन्होंने बताया कि उन्हें दो विकल्प दिए गए थे, या तो सीरीज से बाहर हो जाएं, या फिटनेस पाने की उम्मीद बनाए रखें। उन्होंने कहा, 'मैंने सर्जरी का विकल्प चुना ताकि सीरीज के अंतिम तीन मैचों के लिए उपलब्ध रह सकूं'। टी20 सीरीज के आखिरी तीन मुकाबले होबार्ट (दो नवंबर), गोल्ड कोस्ट (छह नवंबर) और ब्रिस्बेन (आठ नवंबर) में खेले जाएंगे।
बीबीएल के लिए भी तैयारी में जुटे मैक्सवेल
मैक्सवेल ने कहा कि यदि वह भारत सीरीज में वापसी नहीं कर पाए तो वह बिग बैश लीग (BBL) के लिए पूरी तरह तैयार रहेंगे। उन्होंने कहा, 'अगर ऐसा नहीं हुआ तो मैं बीबीएल के पहले राउंड के लिए फिट रहूंगा। यह मेरे लिए फिजिकली भी फायदेमंद रहेगा।' उन्होंने बताया कि बुधवार को उनकी कलाई से प्लास्टर हटा दिया गया है और अब वे कुछ समय तक प्लास्टिक की पट्टी पहनेंगे। डॉक्टरों ने उन्हें कलाई को हिलाने-डुलाने की पूरी छूट दे दी है।
अश्विन के बीबीएल अनुबंध पर बोले
आगामी बीबीएल सीजन को लेकर मैक्सवेल बेहद उत्साहित हैं। वह मेलबर्न स्टार्स की कप्तानी करेंगे। उन्होंने भारतीय स्पिनर अश्विन के बीबीएल अनुबंध को लेकर खुशी जताई। उन्होंने कहा, 'यह वाकई रोमांचक है। जब भी आपको विश्वस्तरीय सुपरस्टार मिलते हैं, यह प्रतियोगिता के लिए बहुत अच्छा होता है। अश्विन शानदार खिलाड़ी हैं और उनके आने से हमारे युवा खिलाड़ियों को भी बहुत कुछ सीखने को मिलेगा।' अश्विन ने सिडनी थंडर से अनुबंध किया है और वे बीबीएल में खेलने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बनेंगे।