ऑस्ट्रेलिया को इस साल के अंत में इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज खेलनी है, लेकिन उसके नियमित कप्तान पैट कमिंस चोट से अब तक नहीं उबर सके हैं और उनका शुरुआती मैच में खेलने मुश्किल माना जा रहा है। अब ऑस्ट्रेलिया के मुख्य चयनकर्ता जॉर्ज बेली ने बताया है कि अगर कमिंस फिट नहीं हुए तो उनकी जगह ऑस्ट्रेलिया की कमान कौन संभालेगा।
भारत के खिलाफ सीरीज का हिस्सा नहीं हैं कमिंस
बेली का कहना है कि नियमित कप्तान कमिंस के फिट नहीं हो पाने की स्थिति में स्टीव स्मिथ ऑस्ट्रेलिया टीम की कप्तानी करेंगे। कमिंस चोट के कारण भारत के खिलाफ रविवार से शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे सीरीज से भी बाहर हैं। उनका 21 नवंबर से पर्थ में शुरू होने वाले पहले एशेज टेस्ट में खेलना भी तय नहीं है। स्मिथ इस सप्ताह न्यूयॉर्क से ऑस्ट्रेलिया लौट आए हैं और क्रिकेट न्यू साउथवेल्स के मुख्यालय पर अभ्यास शुरू कर दिया है। वह शेफील्ड शील्ड टूर्नामेंट में ब्रिसबेन और सिडनी में अगले दो मैचों में न्यू साउथवेल्स के लिए खेलेंगे।
बेली ने कहा, कमिंस अगर नहीं खेल पाते हैं तो स्मिथ कप्तान होंगे। यह रणनीति हमारे लिए पहले भी कारगर रही है। चाहे वह खेल रहा हो या नहीं, पैट टीम के साथ बने रहने के लिए उत्सुक है, क्योंकि अगर वह नहीं खेल रहा है तो वह रिहैब में होगा, तैयारी कर रहा होगा और गेंदबाजी कर रहा होगा, इसलिए वह वैसे भी टीम के साथ रहेगा।