प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय महिला अंडर-19 टीम को टी20 विश्व कप जीतने पर बधाई दी है। वहीं, भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर और टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव तथा सचिन तेंदुलकर जैसे दिग्गज खिलाड़ियों ने भी युवा महिला टीम के प्रदर्शन को सराहा है। भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका को फाइनल में हराकर लगातार दूसरी बार इस टूर्नामेंट का खिताब जीता है। इस टूर्नामेंट की शुरुआत 2023 में हुई थी और पहले ही संस्करण में भारतीय टीम ने जीत हासिल की थी। तब टीम इंडिया की कप्तान शेफाली वर्मा रही थीं। अब दो साल बाद टूर्नामेंट के दूसरे संस्करण में निकी प्रसाद की कप्तानी में भारतीय टीम लगातार दूसरी बार चैंपियन बनी है।
फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराया
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका की पारी 20 ओवर में 82 रन पर सिमट गई थी। जवाब में टीम इंडिया ने 11.2 ओवर में एक विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत की सीनियर और जूनियर महिला टीमों को मिलाकर 2023 के बाद यह दूसरी बार है जब कोई आईसीसी ट्रॉफी अपने घर आई हो। इस मैच में गोंगाड़ी त्रिशा ने ऑलराउंड प्रदर्शन किया। उन्होंने तीन विकेट लेने के अलावा नाबाद 44 रन भी बनाए। गोंगाड़ी को प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड भी मिला।
प्रधानमंत्री मोदी एक्स पर लिखा, हमारी नारी शक्ति पर बेहद गर्व है। आईसीसी अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप 2025 में विजयी होने पर भारतीय टीम को बधाई। यह जीत हमारे उत्कृष्ट टीम वर्क के साथ-साथ दृढ़ संकल्प और धैर्य का परिणाम है। यह युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी। टीम को उनके भविष्य के प्रयासों के लिए मेरी शुभकामनाएं।
खेल मंत्री मांडविया ने एक्स पर लिखा, विश्व चैंपियन। हमारी अंडर 19 महिला क्रिकेट टीम को विश्व कप जीतने पर हार्दिक बधाई। आपकी कड़ी मेहनत और समर्पण ने देश को बेहद गौरवान्वित किया है। टीम के प्रत्येक सदस्य को शुभकामनाएं।
सचिन-सूर्यकुमार और गंभीर ने दी बधाई
क्रिकेट के महानतम खिलाड़ियों में शामिल सचिन तेंदुलकर ने लिखा, पहले मैच से लेकर फाइनल तक हमारी टीम चैंपियन की तरह खेली। कोई भी जीत विशेष होती है लेकिन खिताब के बचाव के लिए कुछ असाधारण करना पड़ता है। एक बार फिर अंडर-19 टी20 विश्व कप जीतने के लिए भारतीय टीम को बहुत-बहुत बधाई! इस टीम ने कई लोगों को प्रेरित किया है और भविष्य के लिए नए मानक स्थापित किए हैं। यह लड़कियों और महिला क्रिकेट के लिए बहुत खुशी की बात है।
सूर्यकुमार यादव ने कहा, हमारी अंडर-19 महिला खिलाड़ियों के लिए प्रमुख टूर्नामेंट रहा। टीम इस खिताब की हकदार थी और यह पूरी तरह टीम का सामूहिक प्रयास रहा। आईसीसी अध्यक्ष जय शाह को इस शानदार टूर्नामेंट का आयोजन कराने के लिए बधाई।
गंभीर ने लिखा, 'भारत की युवा महिला खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन। लड़कियों आपने देश को गौरवान्वित किया है।' भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने लिखा, टी20 विश्व कप जीतने के लिए बधाई भारतीय महिला अंडर-19 टीम। यह एक अभूतपूर्व उपलब्धि है।
भारतीय टीम के पूर्व ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने कहा, मैं विश्व कप विजेता टीम को बधाई देना चाहता हूं। आपको जीतते हुए देखना सुखद है। विश्व कप जीतना छोटी बात नहीं है। सभी चैंपियंस और सहयोगी स्टाफ ने बेहतरीन काम किया और ट्रॉफी को घर लेकर आए। भविष्य के लिए शुभकामनाएं।