टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर का मानना है कि युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान रोहित शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में शानदार प्रदर्शन के बावजूद भी अपने पैर जमीन पर रखें। यह बात उन्होंने स्टार स्पोर्ट्स के शो 'गेम प्लान' में कही।
इस दौरान इस पूर्व बल्लेबाज ने कहा, 'गिल को रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग करना चाहिए। इस बारे में कोई संदेह नहीं, लेकिन हमें अभी जल्दबाजी से बचना चाहिए। हम किसी को शुरुआत में ही इतना ऊपर नहीं भेज सकते। हां, उनके पास क्षमता है लेकिन उन्हें खुद पर काबू रखना होगा क्योंकि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काफी चुनौतीपूर्ण हो सकता है।'
गंभीर ने आगे कहा, 'ऑस्ट्रेलिया में खेलकर उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शानदार शुरुआत की है। ऑस्ट्रेलिया में खेलना, एक युवा टीम के साथ सीरीज जीतना, उन्होंने काफी अच्छा किया, उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की, इसमें कोई संदेह नहीं है, लेकिन हमें उन्हें वक्त देना चाहिए। उन्हें अपने आप खेल को निखारने का मौका देना चाहिए न कि उन पर बहुत ज्यादा दबाव या उम्मीदें लाद देनी चाहिए।'
बता दें कि ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर शुभमन गिल ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। तीन मैचों में इस युवा बल्लेबाज ने दो अर्धशतकों की मदद से 259 रन बनाए। चौथे व आखिरी टेस्ट में गिल अपने शतक से चूक गए। उन्होंने गाबा के मैदान पर 91 रनों की शानदार पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर चोटिल खिलाड़ियों से जूझ रही भारतीय टीम ने ब्रिस्बेन टेस्ट में कंगारुओं को तीन विकेट से हराकर 2-1 से बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी अपने नाम की।