गंभीर ने टेस्ट क्रिकेट में 58 मैचों में 4154 रन बनाए। उन्होंने इसके अलावा एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में 5238 जबकि टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 932 रन बनाए। गंभीर से जब यह पूछा गया कि क्या वह प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में कोचिंग पद स्वीकार करने के इच्छुक है तो वह सकारात्मक नजर आए।
उन्होंने कहा, 'जो चीज मुझे सबसे अधिक रोमांचित करती है वह एक्शन है और मुझे यकीन है कि एक्शन एसी कमरों में बैठकर कमेंटरी जैसी चीजें करना नहीं है। मुझे नहीं पता कि मैं खिलाड़ी जितना अच्छा कोच बन पाऊंगा या नहीं।' गंभीर से जब यह पूछा गया कि क्या वह कभी क्रिकेट प्रशासन से जुड़ेंगे तो उन्होंने इससे इनकार कर दिया।
अंतिम प्रतिस्पर्धी मैच खेलने के बाद अपने सभी बल्ले टीम के अपने साथियों को बांटने वाले गंभीर ने कहा, 'मैं सीधी बात करने वाला व्यक्ति हूं और मुझे नहीं लगता कि प्रशासन या कहीं और मुझे स्वीकार किया जाएगा।' गंभीर ने कहा कि वह दिल्ली क्रिकेट के युवा खिलाड़ियों की मदद करने के इच्छुक हैं।