बीते गुरुवार को मुंबई में आईपीएल की आठ टीमों ने कुल 18 खिलाड़ियों को रिटेन किया। लीग के 11वें सीजन में सभी टीमों का असली चेहरा 27 और 28 जनवरी को होने वाली खिलाड़ियों की नीलामी के बाद पता चलेगा। हालांकि नीलामी से पहले जिस तरह से कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने अपने कप्तान गौतम गंभीर को रिटेन नहीं किया, उससे साफ हो जाता है कि वो अब गंभीर की और सेवा नहीं चाहते हैं।
वहीं, दूसरी तरफ चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) ने महेंद्र सिंह धोनी, सुरेश रैना और रवींद्र जडेजा को रिटेन करके साफ कर दिया है कि इस बार सीएसके की कप्तानी धोनी करेंगे। इस बीच एक रोचक बात यह सामने यह आ रही है कि आईपीएल में खिलाड़ियों की नीलामी में सीएसके गौतम गंभीर के लिए बोली लगा सकती है।
हालांकि अभी तक ना तो गंभीर ने और ना ही चेन्नई के मैनेजमेंट ने आधिकारिक रूप से ऐसे कोई संकेत नहीं दिए हैं लेकिन इन कयासों की हवा सीएसके के ट्विंटर हैंडल से मिली है।
दरअसल एक फैन ने सीएसके को टैग करते हुए लिखा है कि मुझे ऐसा लग रहा है कि इस बार गौतम गंभीर को सीएसके नीलामी में खरीदेगा।
हालांकि आमतौर पर टीमों के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल्स की ओर से ऐसे ट्वीट्स का जबाव नहीं दिया जाता है, लेकिन सीएसके ने इस ट्वीट का जबाव ईमोजीज के साथ दिया। इन ईमोजीज भी ऐसा संकेत दे रही हैं कि आने वाली नीलामी में सीएसके प्रबंधन गौतम गंभीर को खरीदने के लिए हर संभव प्रयास करेगा। तो क्या आईपीएल 2018 में एक बार फिर धोनी के नेतृत्व में गौतम गंभीर अपना करिश्मा बिखेरते नजर आएंगे? इस सवाल का जवाब 27-28 जनवरी को होने वाली नीलामी में मिल जाएगा।