गौतम गंभीर के लिए भले ही टीम इंडिया के दरवाजे अभी नहीं खुले हों लेकिन आईपीएल में उनका बल्ला धमाल मचा रहा है। इस बार तो उनके बल्ले ने भी कमाल कर दिया है।
हालांकि कमाल की बल्लेबाजी के बीच एक ऐसा अनचाहा रिकॉर्ड भी उनके खाते में दर्ज हो गया है जिसे कोई भी बल्लेबाज नहीं बनाना चाहता। अनचाहे रिकॉर्ड से पहले हम आपको गंभीर के उस उपलब्धि के बारे में बताने जा रहे हैं जो उन्होंने किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ बल्लेबाजी के दौरान बनाया।
टूर्नामेंट के इस संस्करण में उन्होंने अपना चौथा अर्धशतक लगाया और इस फिफ्टी के सहारे वह आईपीएल-9 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान और बाएं हाथ के बल्लेबाज डेविड वार्नर को पीछे छोड़ा जिन्होंने कुल 386 रन बनाए थे। गंभीर के 393 रन हैं। जबकि इस मामले में पहले स्थान पर रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (आरसीबी) के कप्तान विराट कोहली 433 रन बनाकर सबसे आगे चल रहे हैं।
गंभीर के नाम जो अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हुआ वो है आईपीएल में सबसे ज्यादा रनआउट होने का है। पंजाब के खिलाफ मैच में वह 54 रन बनाने के बाद रनआउट हो गए। इसके साथ ही वह इस टूर्नामेंट के इतिहास में 13वीं बार रनआउट हुए हैं। उनसे पहले यह रिकॉर्ड इस मैच में उनके विपक्षी कप्तान मुरली विजय के नाम दर्ज था। विजय अब तक 12 बार रनआउट हुए थे और यह रिकॉर्ड उनके ही नाम दर्ज था।