पिछले कुछ समय से फार्म में आई गिरावट के कारण आलोचकों के निशाने पर आ चुके गौतम गंभीर ने आलोचकों पर भड़ास निकाली है। भारतीय ओपनर ने कहा कि वीरेंद्र सहवाग और उन्होंने बतौर ओपनर टेस्ट में 53 के औसत से रन बनाए हैं, जो अभी भी देश के लिए सर्वश्रेष्ठ औसत है।
बकौल गंभीर, ‘वीरू के साथ अभी भी मेरी ओपनिंग साझेदारी 53 रन की है। मैं समझता हूं कि अगर ओपनिंग साझेदारी की बात होगी तो यह देश क्या दुनिया की सर्वश्रेष्ठ साझेदारी में से है। अब तक बहुत कम ही ओपनिंग जोड़ी इतने समय तक एक साथ खेले हैं और वो भी 53 की औसत के साथ। अगर 53 का औसत भी सही नहीं है तो फिर मुझे नहीं पता कि सही क्या है। अगर कोई ओपनर हर पारी में 50 की औसत से रन बना रहा है और फिर भी लोग उसके योगदान पर सवाल उठाते हैं तो मैं कहूंगा कि ऐसे लोग मेरे कैरियर ग्राफ को देखें।’
सहवाग पिछले दो साल में एक शतक ही लगा सके हैं और इस दौरान उनका औसत भी मात्र 37.26 का रहा है, जो उनके कैरियर औसत 50.64 से बेहद कम है। दूसरी तरफ गंभीर इसी दौरान कोई शतक नहीं लगा सके हैं और उनका औसत भी मात्र 30.31 रहा है, जो उनके कैरियर औसत 44.35 से कम है।
गंभीर से जब पूछा गया कि क्या उनके ऊपर पिछले दो साल से शतक नहीं लगा पाने का कोई दबाव है तो उन्होंने कहा, ‘हर समय केवल शतक लगाने से ही काम नहीं चलता बल्कि महत्वपूर्ण यह होता है कि बतौर ओपनर आपने क्या योगदान किया। केवल मैं ही नहीं बल्कि कई लोग शतक नहीं लगा पा रहे हैं। पता नहीं लोग हमेशा शतक की ही बात क्यों करते। मैंने दक्षिण अफ्रीका में 93 रन बनाए, आस्ट्रेलिया में 85 रन की पारी खेली, क्या ये कम हैं।’ गौरतलब है कि गंभीर ने अपना आखिरी टेस्ट शतक 2010 में बांग्लादेश दौरे पर लगाया था।