आगामी महिला टी20 विश्व कप 2026 के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने 18 सदस्यीय ऑल-फीमेल मैच ऑफिशियल्स पैनल की घोषणा कर दी है। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारत की चार महिला अधिकारियों को जगह मिली है, जिनमें अनुभवी मैच रेफरी जीएस लक्ष्मी भी शामिल हैं। यह लगातार तीसरा महिला टी20 विश्व कप होगा, जिसमें पूरी तरह महिला मैच ऑफिशियल्स की नियुक्ति की गई है। टूर्नामेंट का आयोजन 12 जून से इंग्लैंड और वेल्स में होगा।
भारत से चार अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
आईसीसी द्वारा जारी सूची में भारत की जीएस लक्ष्मी को मैच रेफरी बनाया गया है, जबकि वृंदा राठी और जनानी एन को अंपायरों के पैनल में शामिल किया गया है। इनके अलावा गायत्री वेणुगोपालन भी टूर्नामेंट में अंपायरिंग करती नजर आएंगी। आईसीसी के अनुसार, यह चयन अधिकारियों के प्रदर्शन, अनुभव और निर्णय क्षमता के व्यापक मूल्यांकन के आधार पर किया गया है।
आईसीसी सीईओ ने क्या कहा?
आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजोग गुप्ता ने कहा, 'महिला टी20 विश्व कप 2026 के लिए चुना गया यह पैनल क्रिकेट के हर क्षेत्र में प्रतिनिधित्व बढ़ाने की आईसीसी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।' उन्होंने आगे कहा कि मैच अधिकारियों के चयन में निष्पक्ष और साक्ष्य-आधारित प्रक्रिया अपनाई गई है।
33 मैचों में निभाएंगे जिम्मेदारी
टूर्नामेंट के दौरान कुल 33 मुकाबलों में 14 अंपायर और चार मैच रेफरी ड्यूटी निभाएंगे। 2024 संस्करण के नौ अधिकारी इस बार भी वापसी कर रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया की क्लेयर पोलोसाक सबसे अनुभवी अंपायर होंगी, जो अपने छठे महिला टी20 वर्ल्ड कप में अंपायरिंग करेंगी। वहीं जैकलीन विलियम्स और किम कॉटन पांचवीं बार इस टूर्नामेंट का हिस्सा बनेंगी।
भारत-पाकिस्तान मुकाबले से अभियान की शुरुआत
भारतीय महिला टीम अपने अभियान की शुरुआत 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ हाई-वोल्टेज मुकाबले से करेगी।
आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026: मैच ऑफिशियल्स पैनल
अंपायर: लॉरेन एजेनबैग, किम कॉटन, अन्ना हैरिस, शाथिरा जाकिर जेसी, केरिन क्लास्टे, कैंडेस ला बोर्डे, जनानी एन, निमाली परेरा, क्लेयर पोलोसाक, वृंदा राठी, सुजैन रेडफर्न, एलोइस शेरिडन, जैकलीन विलियम्स और गायत्री वेणुगोपालन।
मैच रेफरी: ट्रूडी एंडरसन, शांद्रे फ्रिट्ज, जीएस लक्ष्मी और मिशेल परेरा।