दक्षिण अफ्रीका के पूर्व खिलाड़ी जेपी डुमिनी ने सफेद प्रारूप टीम के बल्लेबाजी कोच पद से इस्तीफा दे दिया है। पूर्व ऑलराउंडर डुमिनी मार्च 2023 से यह भूमिका निभा रहे थे, लेकिन उन्होंने निजी कारणों के चलते पद छोड़ने का फैसला किया। क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (सीएसए) ने डुमिनी के इस्तीफे की पुष्टि कर दी है। 40 वर्षीय डुमिनी 2023 वनडे विश्व कप और टी20 विश्व कप के लिए कोचिंग स्टाफ का हिस्सा थे।
दक्षिण अफ्रीका की टीम वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल तक पहुंची थी, जबकि टी20 विश्व कप की उपविजेता रही थी। क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका ने यह घोषणा करता है कि व्यक्तिगत कारणों के आधार पर सीएसए के साथ आपसी समझौते के बाद जेपी डुमिनी ने तत्काल प्रभाव से सफेद गेंद के बल्लेबाजी कोच के रूप में अपनी भूमिका से इस्तीफा दे दिया है। राष्ट्रीय सीमित ओवरों की टीम के बल्लेबाजी विभाग में सुधार के लिए उनका योगदान अमूल्य है। सीएसके डुमिनी को उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता है और दक्षिण अफ्रीका टीम में उनके योगदान के लिए उन्हें धन्यवाद देता है।
डुमिनी ने दक्षिण अफ्रीका के लिए 11 साल के अपने करियर में 46 टेस्ट, 199 वनडे और 81 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। उन्होंने टेस्ट में 2103 रन, वनडे में 5117 रन और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 1934 रन बनाए हैं। डुमिनी ने दक्षिण अफ्रीका के लिए अंतिम मैच 2019 वनडे विश्व कप में खेला था, जहां टीम ग्रुप चरण में ही बाहर हो गई थी।