एशिया कप 2023 में बारिश बड़ी समस्या बनी हुई है
- फोटो : सोशल मीडिया
एशिया कप 2023 में बारिश बड़ी समस्या बनी हुई है। भारत और पाकिस्तान का मैच धुल चुका है और टूर्नामेंट के बाकी मुकाबलों पर भी बारिश का साया है। कोलंबो के मैदान में आने वाले दिनों में जमकर बारिश होने की संभावना है। ऐसे में कोलंबो में होने वाले मुकाबलों को दूसरे मैदान में कराने की बात भी हो रही है। एशिया कप के मुकाबलों में बारिश के साये के बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के पूर्व चीफ नजम सेठी का पोस्ट वायरल हो रहा है।
सेठी ने दो सितंबर को भारत-पाकिस्तान मैच धुलने के बाद बिना नाम लिए बीसीसीआई पर निशाना साधा था। सेठी ने लिखा था "बारिश ने क्रिकेट के सबसे बड़े मुकाबले को धूमिल कर दिया। यह कितना निराशाजनक है! लेकिन यह पहले से पता था। पीसीबी अध्यक्ष के रूप में मैंने एशियन क्रिकेट काउंसिल से यूएई में खेलने का आग्रह किया था, लेकिन श्रीलंका को मेजबानी दिलाने के लिए खराब बहाने बनाए गए। उन्होंने कहा, दुबई में बहुत गर्मी है। लेकिन यह उतना ही गर्म था, जब पिछली बार सितंबर 2022 में एशिया कप वहां खेला गया था या जब अप्रैल 2014 और सितंबर 2020 में आईपीएल वहां खेला गया था। खेल पर राजनीति क्षमा के लायक नहीं है।
भारत-पाक मैच का मजा खराब
बारिश की वजह से भारत और पाकिस्तान का मजा खराब हो गया था। पहले बारिश के वजह से दो बार खेल रुका और फिर भारत की पारी खत्म होने के बाद बारिश के चलते आगे का खेल नहीं हो पाया। पाकिस्तान के सामने 267 रन का लक्ष्य था और पिच से तेज गेंदबाजों को मदद मिल रही थी। ऐसे में मुकाबला रोमांचक होने की पूरी उम्मीद थी, लेकिन बारिश के चलते मैच नहीं हो पाया और दर्शक बेहद निराश हुए।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दांबुला और कैंडी में होने वाले मैचों को दांबुला या कैंडी में मैचों को शिफ्ट किया जा सकता है। कोलंबो में सुपर-4 के अलावा फाइनल मैच होने हैं। कोलंबो में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। कैंडी में भी बारिश के कारण भारत और पाकिस्तान का मैच रद्द हो गया था। अब भारत और नेपाल के मैच पर भी बारिश का साया है। मौसम विभाग के मुताबिक, कोलंबो में आने वाले दिनों में भी बारिश की संभावना है। ऐसे में वहां मैच पूरे नहीं हो पाएंगे। इस कारण एसीसी बड़े फैसले पर विचार कर रहा है।
एशिया कप के 13 में से चार मैचों की मेजबानी पाकिस्तान के पास है। वहीं, नौ मैचों की मेजबानी श्रीलंका को मिली है। वहां बारिश ने पहले ही एक मैच को बर्बाद कर दिया है। अगर टूर्नामेंट में ज्यादातर मैच बारिश की भेंट चढ़ गए तो क्रिकेट फैंस को रोमांच देखने को नहीं मिलेगा और एसीसी को टूर्नामेंट से मुनाफा भी नहीं होगा। अब तक ग्रुप राउंड में तीन मुकाबले खेले जा चुके हैं। ग्रुप राउंड में कोई मुकाबला कोलंबो में नहीं होना है। वहां फाइनल सहित छह मुकाबले होने हैं।