लीग चरण में भारत के इंग्लैंड से हारने के बाद पाकिस्तानी प्रशंसक और कुछ पूर्व खिलाड़ियों ने आरोप लगाया था कि उन्होंने यह जानबूझकर किया था ताकि सुनिश्चित हो सके कि पाकिस्तान सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर सके।
पूर्व टेस्ट खिलाड़ी जैसे सिकंदर बख्त, बासित अली और कुछ अन्य ने खुलेआम भारत पर यह आरोप लगाया था। बासित ने कहा, 'कोई भी कुछ भी कहे, मैंने पहले ही कह दिया था कि भारत जानबूझक इंग्लैंड और कुछ अन्य टीमों के खिलाफ खराब खेलेगा। यह बिलकुल ठीक इंसाफ है कि भारत आज वो मैच हार गया जो उसे आसानी से जीतना चाहिए था।'
पूर्व पाकिस्तानी कप्तान राशिद लतीफ ने हालांकि कहा, 'एक बार सेमीफाइन दो दिन तक खिंच जाता है तो दूसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने वाली टीम के लिये हमेशा मुश्किल हो जाती है। इसके अलावा हेनरी और बोल्ट ने कुछ खतरनाक गेंद फेंककर विकेट चटकाए।'
पूर्व टेस्ट कप्तान मोईन खान को लगता है कि चौथे और पांचवें नंबर की बल्लेबाजी भारत के लिये एक समस्या बनी रही। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि उनकी मुख्य समस्या चौथे और पांचवें नंबर की बल्लेबाजी रही और यह सेमीफाइनल में साफ दिखी। कितनी भी अच्छी टीम हो, उसका भी बुरा दिन आता है और दुर्भाग्य से भारत का शीर्ष क्रम सेमीफाइनल के दिन ही फ्लाप हुआ।'