पाकिस्तान के पूर्व स्पिनर दानिश कनेरिया भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और कप्तान रोहित शर्मा को सलाह दी है। दानिश ने कहा कि रोहित और कोहली को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर थोड़ा निचले क्रम पर उतरना चाहिए। रोहित और कोहली हाल के दिनों में संघर्ष कर रहे है। भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू जमीन पर तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में हार का सामना करना पड़ा था।
भारत को घर में करारी हार का सामना करना पड़ा था जिस कारण उन्हें आलोचनाओं का सामना भी करना पड़ा था। दानिश ने कहा, यह देखना होगा कि रोहित शर्मा अभी भी ओपनिंग में उतरना चाहते हैं या तीसरे नंबर पर खेलना चाहते हैं। वह भारत में स्पिनरों की मददगार पिच पर संघर्ष कर रहे थे इसलिए हो सकता है कि वह अपने स्थान में परिवर्तन करें। हाल के सीरीज में साउदी ने उन्हें दो बार आउट किया और ऑस्ट्रेलिया में गेंद इससे ज्यादा स्विंग होगी।
'यशस्वी-गिल को करनी चाहिए ओपनिंग'
दानिश ने कहा कि यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल को ओपनिंग करने के लिए आना चाहिए और कोहली को चौथे नंबर पर उतरना चाहिए। उन्होंने कहा, यशस्वी और शुभमन को पारी की शुरुआत करनी चाहिए। रोहित तीसरे और कोहली चौथे नंबर पर उतरें। उन्हें इसका प्रबंध करना चाहिए। गौतम गंभीर को बल्लेबाजी क्रम को मैनेज करना होगा क्योंकि रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा भी मौजूद हैं। भारत की बल्लेबाजी लाइन अप काफी मजबूत है।
कप्तान रोहित की फॉर्म भारत के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। हाल ही में न्यूजीलैंड सीरीज के दौरान रोहित का बल्ला बिलकुल नहीं चला था और तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में वह कुल 100 रन भी नहीं बना सके थे। कोहली का बल्ला भी नहीं चल रहा जिस कारण यह दोनों खिलाड़ी आलोचना का सामना कर रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर इन दोनों बल्लेबाजों की फॉर्म काफी मायने रखेगी।