कप्तान ऋषभ पंत और तेज गेंदबाज उमरान मलिक
- फोटो : बीसीसीआई
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान बट का मानना है कि भारत के तेज गेंदबाज उमरान मलिक को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टी-20 मैच में डेब्यू करना चाहिए था। उमरान आईपीएल 2022 के दौरान सनराइजर्स हैदराबाद के लिए शानदार फॉर्म में थे। उन्होंने 14 मैचों में 22 विकेट लिए थे। उन्हें आईपीएल 2022 में एमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन के खिताब से नवाजा गया था।
अच्छे प्रदर्शन के दम पर ही उमरान को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज के लिए टीम इंडिया में चुना गया था। सलमान बट ने कहा कि टीम मैनेजमेंट चाहता तो अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को आराम दे सकता था और इसके बजाय उमरान को मौका दिया जा सकता था। इससे उमरान को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव मिलता, जो उनके लिए फायदेमंद साबित होता।
बट ने अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए वीडियो में कहा- मुझे लगता है कि उमरान को खेलाना चाहिए था, क्योंकि इससे उसे एक्सपोजर मिलेगा। मुझे नहीं पता कि टीम इंडिया उन्हें खेलने से क्यों रोक रही। भुवनेश्वर कुमार एक अनुभवी गेंदबाज हैं और उन्होंने भारतीय टीम के लिए असाधारण प्रदर्शन किया है और मुझे उनकी क्वालिटी पर कोई शक नहीं है। भुवनेश्वर में अन्य खिलाड़ियों की तरह आराम दिया जा सकता था।
बट ने बताया कि अन्य गेंदबाजों के विपरीत उमरान अतिरिक्त गति प्रदान करते हैं। ये खूबी उन्हें घातक बनाती है। बट ने कहा- आप मैच हार गए, लेकिन आप एक युवा गेंदबाज के साथ जा सकते थे, जो दूसरों से अलग है और तेज गति से गेंदबाजी करता है। वह बल्लेबाजों को अपनी गति से हैरान कर सकते हैं। जब भी भारतीय गेंदबाज अपनी लेंथ से चूकते थे, तो उन्हें छक्के पड़ते थे। यही वह फैक्टर है जहां अतिरिक्त गति से फर्क पड़ सकता था।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 211 रन का स्कोर खड़ा किया था। 212 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका ने 19.1 ओवर में लक्ष्य हासिल किया था। ईशान किशन ने 48 गेंदों में 76 रनों की पारी खेली, जबकि हार्दिक पांड्या ने भी सिर्फ 12 गेंदों में 31 रनों की तूफानी पारी खेली। जवाब में दक्षिण अफ्रीका के रसी वान डर डुसन की नाबाद 75 और और डेविड मिलर की नाबाद 64 रनों की पारी से दक्षिण अफ्रीका ने जीत हासिल की।