पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ ने कहा कि बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली द्वारा प्रस्तावित चार देशों के टूर्नामेंट का विचार उसी तरह से असफल साबित होगा जैसे बिग थ्री (क्रिकेट खेलने वाले बड़े देश) मॉडल हुआ था। इस पूर्व विकेटकीपर को लगता है कि इससे भारत, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की टीमें अन्य सदस्य राष्ट्रों को अलग करने की कोशिश कर रही हैं।
लतीफ ने कहा, ‘इस तरह का टूर्नामेंट खेलकर ये चार देश दूसरे सदस्य देशों को अलग करने की कोशिश कर रहे हैं जो अच्छा विचार नहीं है। मुझे हालांकि लगता है कि यह उसी तरह से फ्लॉप होगा जैसे कुछ वर्ष पूर्व लाए गए बिग थ्री मॉडल के साथ हुआ था।’
गांगुली ने कहा था कि क्रिकेट के बड़े देशों के बीच 2021 तक चार देशों का टूर्नामेंट कराने की योजना पर काम हो रहा है। इसके बारे में इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से चर्चा हो रही है।