पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान निदा डार ने क्रिकेट से ब्रेक लेने का फैसला किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिये इसकी जानकारी दी है। डार ने मानसिक स्वास्थ्य का हवाला देते हुए यह फैसला लिया और कहा कि उनकी निजता का सम्मान किया जाना चाहिए। निदा डार ने इसकी जानकारी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को भी दे दी है। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण राष्ट्रीय चयन से नाम वापस ले लिया है।
पहली बार पाकिस्तान क्रिकेट में हुआ ऐसा
पाकिस्तान क्रिकेट में यह पहली बार है जब किसी खिलाड़ी ने मानसिक स्वास्थ्य का हवाला देकर क्रिकेट से ब्रेक लेने का फैसला लिया हो। 39 वर्षीय निदा ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया, 'पिछले कुछ महीनों में मेरे आसपास व्यक्तिगत और पेशेवर रूप से बहुत कुछ हुआ है। इसने मेरे मानसिक स्वास्थ्य पर असर डाला है। मैंने ऐसे में खुद पर ध्यान देने के लिए क्रिकेट से ब्रेक लेने का फैसला किया है। मैं सभी से इस दौरान मेरी निजता का सम्मान करने की अनुरोध करती हूं।'
भारत के खिलाफ खेलतीं निदा डार
- फोटो : ANI
अभ्यास शिविर से नहीं जुड़ीं निदा डार
पाकिस्तान की दिग्गज ऑलराउंडर्स में शुमार निदा इस टीम का चेहरा रही हैं। निदा ने पाकिस्तान के लिए 272 अंतरराष्ट्रीय (वनडे और टी20) मैच खेले है। पीसीबी ने उन्हें हाल ही में लाहौर में आयोजित आईसीसी महिला विश्व कप क्वालिफायर के लिए टीम के चयन के लिए खुद को उपलब्ध कराने के लिए कहा था। निदा ने फिटनेस टेस्ट के लिए उपस्थिति दर्ज कराई। उन्हें इसके बाद अभ्यास शिविर से जुड़ने के लिए कहा गया था, लेकिन उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया।
निदा ने 2024 में पिछला मैच खेला था
निदा ने कहा कि उनके व्यक्तिगत और पेशेवर जीवन दोनों में हाल की घटनाओं ने उनके मानसिक स्वास्थ्य को काफी प्रभावित किया है। वह हाल ही में महिला राष्ट्रीय टी20 कप में भी नहीं खेली थीं। निदा ने पाकिस्तान के लिए अपना पिछला मैच अक्तूबर 2024 में दुबई में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। निदा ने अब तक पाकिस्तान के लिए 112 वनडे और 160 टी20 मैच खेले हैं। 112 वनडे में उनके नाम 108 विकेट हैं, जबकि उन्होंने इस प्रारूप में 1690 रन बनाए हैं। वहीं, टी20 में उनके नाम 144 विकेट हैं, जबकि उन्होंने 2091 रन बनाए हैं। वनडे में उनकी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी 10 रन देकर चार विकेट है, जबकि टी20 में 21 रन देकर पांच विकेट है। वहीं, बल्लेबाजी की बात करें तो वनडे में निदा का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 87 रन और टी20 में 75 रन है।