भारतीय टीम के पूर्व ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह भारतीय टीम के ग्रुप चरण में प्रदर्शन से संतुष्ट हैं। उन्होंने टीम के प्रदर्शन की सराहना की। भारत ने आयरलैंड, पाकिस्तान और अमेरिका को हराकर सुपर आठ में अपनी जगह पक्की की। कनाडा के खिलाफ टीम का आखिरी मैच मैदान गीला के कारण रद्द हो गया था। भारत का सामना अब सुपर आठ में अफगानिस्तान, बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया से होगा।
'हार्दिक-पंत का योगदान टीम के लिए सकारात्मक पहलू'
हरभजन सिंह ने कहा कि हार्दिक पांड्या का उम्मीद से बेहतर गेंदबाजी प्रदर्शन और ऋषभ पंत का तीसरे नंबर पर बल्ले से उपयोगी योगदान टीम के लिए सबसे बड़ी सकारात्मक चीजों में शामिल हैं। विश्व कप से पहले आईपीएल 2024 में हार्दिक का प्रदर्शन खराब था, लेकिन उन्होंने अमेरिका में ग्रुप चरण के तीन मैचों में सात विकेट लेकर अच्छी वापसी की। पंत दिसंबर 2022 में एक भयानक कार दुर्घटना में गंभीर रूप से चोटिल हो गए थे। उन्होंने लंबे इलाज और रिहैबिलिटेशन के बाद इस साल आईपीएल से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की। टी20 विश्व कप में उन्होंने तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए मुश्किल पिच पर 124.67 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए। हरभजन ने एक स्पोर्ट्स चैनल से कहा, टीम के लिए सबसे बड़ी सकारात्मक बात यह है कि हार्दिक पांड्या विकेट चटका रहे हैं। अगर आप उनके विकेटों की संख्या पर नजर डालें तो उन्होंने उम्मीद से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया है। हार्दिक के अलावा ऋषभ पंत ने तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी से प्रभावित किया। उनकी भूमिका पूरी तरह से बदल गई। विश्व कप से पहले हम संजू सैमसन को टीम में शामिल करने के लिए कह रहे थे क्योंकि उन्होंने काफी रन बनाए थे।
हरभजन ने कहा कि टीम के पास नई परिस्थितियों की चुनौती का सामना करने की क्षमता है। हरभजन ने कहा, पंत को तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी कराना बड़ी सकारात्मक बात है। जब वह तीसरे नंबर पर खेलते है तो दाएं और बाएं हाथ के बल्लेबाजों का संयोजन बनता है। टीम के साथ बहुत सारी सकारात्मक चीजें हैं। बेशक, चुनौतियां और कठिनाई है। लेकिन चुनौतियां उनके सामने आती हैं जो बेखौफ होते हैं। यह निडर खिलाड़ियों की टीम है। उन्होंने न्यूयॉर्क में मुश्किल पिच पर अच्छा संघर्ष किया और बहुत अच्छा खेले। इस वजह से वे ग्रुप में शीर्ष पर रहे।
अफगानिस्तान के खिलाफ सुपर आठ अभियान की शुरुआत करेगा भारत
भारत सुपर आठ चरण में अपने अभियान की शुरुआत 20 जून को बारबाडोस में अफगानिस्तान के खिलाफ करेगा। इसके बाद टीम 22 जून को बांग्लादेश और 24 जून को ऑस्ट्रेलिया से खेलेगी।