भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी सुनील गावस्कर का मानना है कि खराब फॉर्म से गुजरने के बावजूद विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया में आत्मविश्वास से अधिक ओतप्रोत होंगे। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 22 नवंबर से पर्थ में खेला जाएगा। सीरीज से पहले कोहली की फॉर्म को लेकर काफी चिंता जताई जा रही है जो पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं। हालांकि, गावस्कर का कहना है कि कोहली ऑस्ट्रेलिया में रन बनाने के लिए काफी भूखे होंगे।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज से पहले कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में कुल 93 रन ही बनाए थे। कोहली का रन बनाने के लिए संघर्ष करना भारत को 0-3 से मिली हार का एक बड़ा कारण था। कोहली पर राय रखते हुए गावस्कर ने कहा कि वह ऑस्ट्रेलिया में रन बनाने के लिए भूखे होंगे क्योंकि उन्होंने पिछले दौरे पर ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर कई यादगार पारियां खेली हैं।
गावस्कर ने एक स्पोर्ट्स चैनल से कहा, न्यूजीलैंड के खिलाफ कोहली रन नहीं बना सका था लिहाजा वह रनों का भूखा होगा। पिछली बार एडिलेड टेस्ट में जब दूसरी पारी में पूरी भारतीय टीम 36 रन पर आउट हो गई थी, जहां तक मुझे याद है कोहली ने रन आउट होने से पहले पहली पारी में 70 से ज्यादा रन बनाए थे। इसके अलावा एडिलेड में तो उसने हमेशा रन बनाए हैं। पर्थ में 2018-19 में उसने बेहतरीन टेस्ट शतक जड़ा था जो उसके सबसे शानदार टेस्ट शतकों में से एक। इन पारियों से उसमें अतिरिक्त आत्मविश्वास होगा। शुरुआत में किस्मत का साथ चाहिए और अगर उसे अच्छी शुरुआत मिल गई तो वह बड़ी पारियां खेलेगा।
इस साल अच्छा नहीं रहा कोहली का रिकॉर्ड
कोहली का इस साल रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है। इस साल उन्होंने छह टेस्ट मैच खेले और 22.72 के औसत से 250 रन बनाए जिसमें एक अर्धशतक शामिल है। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया में उनका रिकॉर्ड बेहतर है जिससे इस बात की उम्मीद बढ़ गई है कि कोहली का बल्ला बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में जमकर बोलेगा। इस 36 वर्षीय बल्लेबाज ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 13 मैचों में 1352 रन बनाए हैं।