यूसुफ पठान और गौतम गंभीर के साथ केकेआर के अभ्यास सत्र में लक्ष्मी रतन शुक्ला
- फोटो : सोशल मीडिया
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर और पश्चिम बंगाल के खेल राज्य मंत्री लक्ष्मी रतन शुक्ला की पत्नी कोरोना पॉजिटिव पाईं गईं हैं। खबर मिलते ही शुक्ला का पूरा परिवार क्वारंटीन में है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। लक्ष्मी रतन शुक्ला की पत्नी स्मिता सान्याल शुक्ला राज्य के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की उप सचिव हैं।
टीम इंडिया के लिए तीन एकदिवसीय मैच खेल चुके बंगाल रणजी टीम के पूर्व कप्तान शुक्ला ने पीटीआई से कहा, ‘‘हां, मेरी पत्नी स्मिता कोविड-19 पॉजिटिव आईं हैं। उन्हें हल्का बुखार है और वह दी हुई दवाईयां ले रही हैं। मैं, हमारे दो बेटे और मेरे वृद्ध पिता हम सभी घर पर पृथकवास में हैं। हमने गुरूवार को अपना कोविड-19 परीक्षण कराया था।’
2015 में क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद शुक्ला ने तृणमुल कांग्रेस की टिकट पर हावड़ा उत्तर विधानसभा सीट से 2016 का चुनाव लड़ा और बीजेपी की अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी रूपा गांगुली को मात दी थी। बाद में उन्हें खेल एवम युवा मंत्रालय का कार्यभार सौंपा गया।
लक्ष्मी रतन शुक्ला कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में अपने तीन माह का वेतन और इतने ही समय का बीसीसीआई पेंशन मुख्यमंत्री राहत कोष में दे चुके हैं। 1999 में भारतीय टीम में शामिल होने वाले इस खिलाड़ी का करियर चोट की वजह से जल्द ही खत्म हो गया। हालांकि उन्होंने घरेलू क्रिकेट खेलना नहीं छोड़ा। 100 से ज्यादा प्रथम श्रेणी मुकाबलों का अनुभव रखने वाले लक्ष्मी आईपीएल विजेता कोलकाता नाइटराइडर्स टीम का भी हिस्सा थे।