इंग्लैंड के पूर्व सलामी बल्लेबाज निक कॉम्प्टन ने भारत में किए गए अपने डेब्यू मैच को याद कर उस वक्त का अनुभव साझा किया। निक ने नवंबर, 2012 में अहमदाबाद में भारत के खिलाफ डेब्यू किया था। भारत के खिलाफ चार मैचों की टेस्ट सीरीज में दाएं हाथ के बल्लेबज निक भी शामिल थे, इस सीरीज में महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व वाली भारतीय टीम को 0-2 से हार मिली थी।
उस वक्त भारतीय टीम में सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर, धोनी और कोहली जैसे खिलाड़ी भी शामिल थे, लेकिन बावजूद उसके इंग्लैंड के जबरदस्त खेल की बदौलत मेजबान टीम को हार का सामना करना पड़ा था। इस सीरीज में निक कॉम्प्टन ने भी अपनी बल्लेबाजी से अहम योगदान दिया था।
कॉम्प्टन ने एक ऑनलइन पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान बताया कि कैसे वे सचिन, धोनी, सहवाग, कोहली जैसे दिग्गजों को अपने सामने देखकर हैरान हो गए थे। उन्होंने कहा, 'भारत आकर सचिन जैसे दिग्गजों के सामने खेलना गर्व की बात थी और मैं काफी उत्साहित था।
उन्होंने भारत के बारे में बात करते हुए कहा, 'भारत एक ऐसा देश रहा है, जो लोग मुझे जानते हैं, जानते हैं कि यह मेरा दूसरा घर है। मैंने यहां बहुत समय बिताया है, यात्रा और फोटोग्राफी करता रहा हूं। कई बल्लेबाजी शिविरों में जाना, मुंबई में स्पिन खेलना सीखना, सही में लोगों और संस्कृति के साथ प्यार हो गया था। मुझे बहुत मजा आया। मेरी पहली टेस्ट सीरीज़ के लिए वहां जाना एक सपना सच होने जैसा था।
निक ने आगे कहा, 'क्योंकि आप जानते हैं कि भारतीय लोग अपने क्रिकेटरों से कितना प्यार करते हैं और खेल को कितना समर्थन देते हैं। यह अद्भुत था। उन्होंने बताया कि जब वो क्रीज पर जाकर गार्ड ले रहे थे और अचानक से तेंदुलकर, धोनी, सहवाग, कोहली को सामने देखा तो विश्वास नहीं हुआ। मैं लगभग उनके ऑटोग्राफ लेना चाहता था और उनसे हाथ मिलाना चाहता था।