इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर माइकल वॉन ऑस्ट्रेलिया के सिडनी के बॉन्डी बीच पर एक रेस्त्रां में फंस गए थे। बॉन्डी बीच पर दो हथियारबंद लोगों ने सामूहिक गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया। कई राउंड गोलियां चलने के बाद बीच पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सिडनी मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, गोलीबारी में शूटर सहित 12 लोग मारे गए हैं। जानकारी के अनुसार यहूदी त्योहार हनुक्का मनाने के लिए सैकड़ों लोग बॉन्डी बीच पर जुटे थे। इसी दौरान हमलावरों ने गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।
वॉन ने एक्स पर दी जानकारी
इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर वॉन ने एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि वह भी बॉन्डी बीच पर एक रेस्त्रां में फंस गए थे, लेकिन अब सुरक्षित घर पहुंच गए हैं। वॉन ने एक्स पर लिखा, बॉन्डी के एक रेस्टोरेंट में बंद हो जाना बहुत डरावना था। अब सुरक्षित घर पहुंच गया हूं। लेकिन आपातकालीन सेवाओं और आतंकवादी का सामना करने वाले व्यक्ति का बहुत-बहुत धन्यवाद। प्रभावित सभी लोगों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।
दो लोगों को हिरासत में लिया
न्यू साउथ वेल्स पुलिस के एक बयान में रविवार को कहा गया कि दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। इसी बीच इस गोलीबारी का एक वीडियो भी सामने आया है। वायरल हो रहे वीडियो में एक स्थानीय शख्स ने एक शूटर को धर दबोचा। वीडियो में एक शख्स गोलीबारी के दौरान एक कार के पीछे छिपा नजर आ रहा है। वहीं हमलावर पार्किंग एरिया में बंदूक के साथ फायरिंग करता नजर आ रहा है। जैसे ही शूटर दूसरी ओर पलटता है। कार की पीछे छिपा शख्स उसे पीछे से दबोच लेता है। इसके बाद दोनों के बीच छीना-छपटी होती है। जिसमें शख्स हमलावर से बंदूक छीनने में सफल हो जाता है।
एशेज सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है इंग्लैंड टीम
मालूम हो कि इंग्लैंड की क्रिकेट टीम पांच मैचों की एशेज सीरीज के लिए फिलहाल ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है। ऑस्ट्रेलिया इस टेस्ट सीरीज में 2-0 से आगे चल रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तीसरा टेस्ट मैच एडिलेड में खेला जाना है।