इंग्लैंड के पूर्व कप्तान इयोन मोर्गन ने उन रिपोर्ट्स को खारिज किया जिसमे मैथ्यू मॉट को जगह उन्हें इंग्लैंड का सीमित ओवर का अगल मुख्य कोच बताया जा रहा था। इंग्लैंड पिछले साल वनडे विश्व कप और हाल ही में संपन्न हुए टी20 विश्व कप में अपने खिताब का बचाव करने में असफल रहा था जिसके बाद मॉट पर दबाव बढ़ गया। इंग्लैंड को अमेरिका और वेस्टइंडीज की मेजबानी में खेले गए टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में भारत से हार का सामना करना पड़ा था।
स्थानीय मीडिया में ऐसी खबरें चल रही थी कि मॉट अपना पद छोड़ सकते हैं और इंग्लैंड इस जिम्मेदारी के लिए संभावित उम्मीदवारों से बात कर सकता है। मोर्गन भी उन दावेदारों में शामिल हैं, लेकिन उन्होंने ऐसी खबरों को खारिज कर दिया है। द हंड्रेड के दौरान कमेंट्री कर रहे मोर्गन ने कहा कि उनके लिए भी यह खबर है। मोर्गन ने कहा, मेरे लिए भी यह एक खबर है। यह अच्छा नहीं है जब एक कोच आलोचना के घेरे में आता है और उसके भविष्य के बारे में कई अटकलें लगाई जाती हैं, लेकिन केवल समय ही बताएगा कि क्या होगा।
भविष्य में कोच बनना चाहते हैं मोर्गन
मोर्गन ने हालांकि इस बात को स्वीकार किया कि वह आगे चलकर टीम के कोच बनना चाहते हैं, लेकिन इसके लिए समय सही होना चाहिए। इंग्लैंड के इस पूर्व कप्तान ने कहा कि फिलहाल उनका परिवार छोटा है और वह उनके साथ समय बिताना चाहते हैं। मोर्गन ने साथ ही कहा कि वह कमेंट्री करने का लुत्फ उठा रहे हैं। उन्होंने कहा, मीडिया ने कई बार मुझसे इस भूमिका के बारे में पूछा है कि क्या मैं यह पद संभालूंगा? मेरा हमेशा से सामान्य जवाब रहा है कि इस वक्त मेरे जीवन में किसी भी चीज के लिए समय सही नहीं है। हां, मैं कोच बनना चाहता हूं, लेकिन मेरा परिवार अभी छोटा है और मैं उनके साथ काफी समय बिताना चाहता हूं। जो मैं कर रहा हूं वो मुझे काफी पसंद है।
इंग्लैंड के क्रिकेट निदेशक रॉब की ने कहा था कि टी20 विश्व कप में टीम के प्रदर्शन की समीक्षा आने वाले कुछ सप्ताह में शुरू होगी और लगता है कि इसकी प्रक्रिया जारी है। इससे मॉट और इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर पर दबाव बढ़ रहा है।