पूर्व कप्तान कुमार संगकारा ने उम्मीद जताई कि श्रीलंकाई टीम विश्व कप के लिए अपनी अव्यवस्थित तैयारियों से उबरकर अनुभवहीन कप्तान दिमुथ करुणारत्ने की अगुआई में अच्छा प्रदर्शन करेगी।
विश्व कप के लिए यहां पहुंचने से पहले श्रीलंकाई टीम को पिछले नौ में से आठ मैचों में हार मिली है।
टीम को जीत भी मिली तो स्कॉटलैंड के खिलाफ जिसने विश्व कप के लिए क्वालिफाई नहीं किया है।
संगकारा ने कहा, 'टीम के चयन और खिलाड़ियों को लगातार मौके देने के मामले में यह काफी अव्यवस्थित रहा। ये ऐसी चीजें हैं जो आत्मविश्वास के लिए जरूरी है। अगर टीम में लगातार बदलाव होता तो आप टीम की योजना को अमलीजामा पहनाने की जगह हमेशा अपनी जगह पक्की करने के बारे में सोचते हैं। मुझे लगता है यह बड़ी समस्या है।’