वार्म-अप मैचों के साथ क्रिकेट विश्व कप का बिगुल बज चुका है। शुक्रवार को खेले गए पहले वार्म-अप मैच में दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका को हराकर जीत से शुरुआत की है।
कप्तान फाफ डू प्लेसिस (88) और एंडिल फेहलुकवायो (4/36, 35 रन) के ऑलराउंड प्रदर्शन से दक्षिण अफ्रीका ने विश्व कप अभ्यास मैच में श्रीलंका को 87 रन से मात दी।
दक्षिण अफ्रीका ने सात विकेट पर 338 का बड़ा स्कोर बनाया जबकि श्रीलंका की टीम कप्तान दिमुथ करुणारत्ने (87) की पारी के बावजूद 42.3 ओवरों में 251 पर सिमट गई। करुणारत्ने और पूर्व कप्तान एंजेलो मैथ्यूज (64) ने चौथे विकेट के लिए 98 रन जोड़े थे वर्ना हार और बड़ी होती। श्रीलंका के टीम पांच विकेट तो 31 रन में गिर गए। लुंगी एनगिडी ने 12 रन देकर दो विकेट लिए।
इससे पहले फाफ डू प्लेसिस के अलावा दक्षिण अफ्रीका की ओर से हाशिम अमला (65) और हेंड्रिक वान डेर डसेन (40) ने महत्वपूर्ण पारियां खेलीं।