ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज मैथ्यू हेडन ने सैंडपेपरगेट विवाद को लेकर पैट कमिंस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि पैट कमिंस का इस विवाद पर आगे सवालों का जवाब नहीं देने का फैसला भारत दौरे पर ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन सकता है। हेडन के मुताबिक, आगामी बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान यह मुद्दा ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को असहज करने का बड़ा जरिया बनेगा।
कमिंस ने बॉल टेंपरिंग विवाद पर क्या कहा था?
पैट कमिंस ने हाल ही में करीब 70 मिनट तक चली प्रेस कॉन्फ्रेंस में 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे पर हुए बॉल टेंपरिंग विवाद को लेकर अपनी बात रखी थी। हालांकि, उन्होंने साफ कर दिया था कि इसके बाद वह सैंडपेपरगेट से जुड़े किसी भी सवाल का जवाब नहीं देंगे। कमिंस के इस रुख पर प्रतिक्रिया देते हुए मैथ्यू हेडन ने जियोस्टार से कहा, पैट कमिंस ने सामने आकर मूल रूप से उस्मान ख्वाजा को निशाने पर लिया है। उन्होंने अपनी दोस्ती और उस दोस्ती के साथ किस तरह का व्यवहार किया गया, इसे लेकर बेहद निजी मुद्दे उठाए हैं।
हेडन ने आगे कहा, कमिंस पहले ही रिकॉर्ड पर कह चुके हैं कि दोस्तों, मैं डेढ़ घंटे तक सवालों के जवाब दूंगा, लेकिन इसके बाद इस मुद्दे पर किसी सवाल का जवाब नहीं दूंगा। इसका मतलब है कि जब वह बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए भारत आएंगे, तो भारतीय मीडिया के किसी भी सवाल का जवाब सैंडपेपरगेट पर नहीं देंगे। यह सोचना भी मुश्किल है कि ऐसा हो पाएगा।
हेडन का मानना है कि इस विवाद ने ऑस्ट्रेलियाई ड्रेसिंग रूम को प्रभावित किया है और विरोधी टीम के पास इस मुद्दे के जरिए कंगारू खिलाड़ियों को असहज करने का मौका होगा। उन्होंने कहा, यह ऑस्ट्रेलियाई ड्रेसिंग रूम के दरवाजे पर एक बड़ा चुभने वाला मुद्दा है। अगर आप वास्तव में ऑस्ट्रेलिया को असहज करना चाहते हैं, तो आपको इस मुद्दे को लगातार उठाते रहना होगा, क्योंकि तुरंत प्रतिक्रिया आएगी और जवाब होगा कि मैं इस सवाल का जवाब नहीं दे रहा हूं।
हेडन ने निष्पक्ष जांच की मांग की
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की भी वकालत की। उनका कहना है कि विवाद में शामिल प्रत्येक खिलाड़ी को अपनी बात रखने का मौका मिलना चाहिए। हेडन ने कहा, चाहे यह क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के साथ हो या किसी स्वतंत्र जांच प्रक्रिया के जरिए, हमें कुछ खास सवाल पूछने होंगे। यह पता लगाना होगा कि क्या आगे की जांच के लिए पर्याप्त आधार हैं। इसके बाद सभी संबंधित लोगों के लिए स्पष्ट दायरे और निष्पक्ष प्रक्रिया के साथ आगे बढ़ना चाहिए। इस प्रक्रिया की जिम्मेदारी किसी को लेनी होगी। जब तक ईमानदारी और भरोसे को लेकर सवाल बने रहेंगे, तब तक सुलह संभव नहीं होगी। यह कल्पना से परे है कि क्रिकेट खुद को ऐसी स्थिति में नहीं ला सकता, जहां वह कम से कम इस मामले की गंभीरता को और बेहतर तरीके से समझ सके।
विवाद पर बोले हेडन- खुलकर बातचीत करना जरूरी
हेडन ने यह भी कहा कि विवाद का जल्द समाधान निकालने के लिए खुलकर बातचीत जरूरी है। उन्होंने मौजूदा खिलाड़ियों के साथ-साथ उन पूर्व खिलाड़ियों को भी आधिकारिक तौर पर अपनी बात रखने का मौका देने की मांग की, जो 2018 की उस सीरीज का हिस्सा थे। उन्होंने कहा, एक ऐसी प्रक्रिया तैयार करनी होगी, जिसमें न सिर्फ मौजूदा खिलाड़ियों को, बल्कि उस सीरीज में शामिल रहे और अब संन्यास ले चुके खिलाड़ियों डेविड वॉर्नर और उस्मान ख्वाजा को भी आधिकारिक तौर पर अपनी बात रखने का मौका मिले। इसके अलावा उन तीन अन्य खिलाड़ियों को भी अपनी बात कहने का अवसर मिलना चाहिए, जिन्होंने इस मामले में समर्थन जताया है। जब तक यह मामला खुला रहेगा, तब तक अविश्वास की स्थिति बनी रहेगी।