ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज मैथ्यू हेडन ने तीसरे टेस्ट से पहले भारतीय गेंदबाजों को सलाह दी है। हेडन ने बताया है कि किस तरह भारतीय तेज गेंदबाज गाबा की पिच की उछाल का फायदा उठा सकते हैं। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा टेस्ट 14 दिसंबर से ब्रिसबेन के गाबा पर खेला जाएगा। कंगारू टीम ने एडिलेड में पिंक बॉल से खेले गए दूसरे टेस्ट में 10 विकेट से जीत दर्ज कर पांच मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर ली थी।
हेडन ने गाबा में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को आउट करने के तरीके पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने एक स्पोर्ट्स चैनल से कहा, भारत को जब भी गेंदबाजी करने का मौका मिलता है तो उन्हें चौथी और पांचवीं स्टंप लाइन पर थोड़ा और अधिक भरोसा करना चाहिए। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि उन्हें उछाल का उपयोग करने की जरूरत है। ब्रिसबेन में तेज गेंदबाजों के लिए यह अहम चीज है। टेस्ट मैच क्रिकेट में लाल गेंद निश्चित रूप से अधिक परिचित है। ऑस्ट्रेलिया के पास गुलाबी गेंद से खेलने का हुनर है, वे इससे बहुत मैच जीत चुके हैं।
इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने भारतीय बल्लेबाजों से चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में संभलकर खेलने को कहा। हेडन ने कहा, भारत को बेहतर बल्लेबाजी करनी चाहिए, उन्हें समय लेकर बल्लेबाजी करनी चाहिए। उन्हें टेस्ट मैच क्रिकेट में एक दिन बल्लेबाजी करनी चाहिए। एक दिन से कम स्वीकार्य नहीं है। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियां होने पर भी भारत को पहले बल्लेबाजी करनी चाहिए।
भारत ने तोड़ा था गाबा का घमंड
भारत ने ऑस्ट्रेलिया के पिछले दौरे पर गाबा पर ही ऐतिहासिक जीत दर्ज कर सीरीज अपने नाम की थी। भारतीय खिलाड़ियों की यादों में वो जीत ताजा होगी। एक बार फिर दोनों टीमें ब्रिसबेन में आमने-सामने होंगी और रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम की नजरें सीरीज में वापसी करने पर टिकी होंगी। हेडन ने इस पर कहा, ब्रिसबेन अलग है और यह होम गेम की तरह है। भारत के लिए यह अच्छा मुकाबला होगा क्योंकि पिछली बार का यहां उनका अनुभव अच्छा रहा था।