ऑस्ट्रेलिया के पूर्व स्टार तेज गेंदबाज मिशेल जॉनसन के घायल की होने की तस्वीर सामने आई है। दरअसल जॉनसन मंगलवार की सुबह जिम में एक्सरसाइज करते हुए खुद को चोटिल कर बैठे। उनकी यह चोट इतनी गंभीर थी कि डॉक्टरों को खून रोकने के लिए 16 टांके लगाने पड़े।
जॉनसन ने अपनी फूटे हुए सिर की फोटो सोशल नेटवर्किंग साइट इंस्टाग्राम पर भी अपलोड की है। इस फोटो को शेयर करते हुए उन्होंने लिखा है, 'अगर आप चोट और खून नहीं देख सकते हैं तो इस तस्वीर को न देखें। यह मेरे द्वारा खूद के लिए किया गया अब तक का सबसे बुरा काम है, लेकिन फिलहाल मैं ठीक हूं।'
बता दें कि यह घटना न सिर्फ जॉनसन के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है बल्कि
कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए भी परेशानी वाली है। दरअसल
आईपीएल शुरू होने में अब बस कुछ दिन ही रह गए हैं और ऐसे में पहले क्रिस लिन का चोटिल होना और अब जॉनसन के सिर में लगी चोट केकेआर के लिए मुसीबत का सबब बन सकता है।
बता दें कि केकेआर ने जॉनसन को आईपीएल नीलामी में उनके बेस प्राइज 2 करोड़ में खरीदा है। इससे पहले वह पंजाब किंग्स इलेवन और मुंबई इंडियन्स के लिए भी खेल चुके हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या जॉनसन 7 अप्रैल से शुरू हो रहे आईपीएल के 11वें सीजन से पहले खुद को फिट कर पाते हैं कि नहीं।