पहली पारी में पांच विकेट चटकाने वाले भारत के बाएं हाथ के स्पिनर प्रज्ञान ओझा ने शनिवार को कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट के चौथे दिन रविवार का पहला सत्र काफी अहम होगा। पहली पारी में 45 रन पर पांच विकेट चटकाकर इंग्लैंड को 191 रन पर ढेर करके फालोऑन के लिए मजबूर करने वाले ओझा ने कहा कि पहला सत्र अहम होगा। यह बाकी मैच की राह तय करेगा। हमें जल्द विकेट चटकाने होंगे।
ओझा के अलावा अश्विन ने 80 रन देकर तीन विकेट हासिल किए, जिससे भारत ने पहली पारी में 330 रन की विशाल बढ़त हासिल की। अपने 17वें टेस्ट में खेल रहे ओझा ने कहा कि वह इंग्लैंड जैसी शीर्ष टीम के खिलाफ अपने कैरियर में चौथी बार पांच विकेट हासिल करके खुश हैं। इंग्लैंड के खिलाफ पहली पारी में पांच विकेट चटकाकर मैं संतुष्ट हूं। वे दुनिया की दूसरे नंबर की टीम हैं। लेकिन यह लंबी सीरीज है और काफी काम करना बाकी है।