बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का आखिरी मैच आज (1 अप्रैल) को खेला गया। इस मुकाबले में कीवी टीम के सलामी बल्लेबाज फिन एलन ने मेहमान गेंदबाजों की बखिया उधेड़ दी। मैच के दौरान उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट में अपने देश के लिए नया कीर्तिमान भी रच डाला। इस मुकाबले में फिन न्यूजीलैंड की तरफ से टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए।
ऑकलैंड के इडन पार्क में खेले गए इस मैच में उन्होंने 71 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। इस दौरान एलन ने बांग्लादेश के किसी भी गेंदबाज को नहीं बख्शा। मेहमान टीम के गेंदबाज उनके आगे बेबस नजर आए। तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 18 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया।
आंकड़ों पर गौर करें तो फिन एलन न्यूजीलैंड के दूसरे बल्लेबाज हैं जिन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाया है। कीवी टीम की ओर से टी-20 इंटरनेशनल मैचों में सबसे कम गेंदों पर अर्धशतक पूरा करने का रिकॉर्ड कॉलिन मुनरो के नाम है।
कॉलिन मुनरो ने ये रिकॉर्ड 10 जनवरी 2016 को ऑकलैंड में श्रीलंका के खिलाफ खेलते हुए बनाया था। उस मैच में मुनरो ने 14 गेदों पर आतिशी 50 रन बनाए थे। इसके अलावा वह टी-20 क्रिकेट में 2 बार 18 गेंदों पर भी अर्धशतक लगा भी चुके हैं। मुनरो ने ये करिश्मा साल 2018 में वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ किया था।
फिन एलन ने बांग्लादेश के खिलाफ टी-20 सीरीज के दौरान अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर की शुरूआत की। पहले मैच में उन्हें बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला। लेकिन दूसरे मैच में वह 17 रन बनाने में सफल रहे। लेकिन जिस तरह से उन्होंने तीसरे टी-20 मैच में बल्लेबाजी की उसे देखकर लगा कि आने वाले समय में फिन एलन गेंदबाजों की नींद उड़ाएंगे।